29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

इंदौर, May 22, 2026

हाईप्रोफाइल हुआ हनीट्रेप केस,एमपी से दिल्ली तक नेता-अफसर निशाने पर, सरकारी गवाह बनेगी श्वेता जैन!

Haney Trap Scandal: हनी ट्रैप-ब्लैकमेलिंग कांड में रेशू गिरफ्तार, श्वेता जैन ने रेशू को मिलवाया था अलका से इंटेलिजेंस विभाग के हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा भी आरोपी

Honey Trap Scandal

Honey Trap Scandal: गिरफ्तार रेशू। (photo:patrika)

Haney Trap Scandal: शराब कारोबारी को धमकाने- ब्लैकमेल कर एक करोड़ रुपए की मांग करने वाला हनी ट्रैप मामला अब हाईप्रोफाइल हो चला है। हनीट्रैप के जाल में प्रदेश के कई बड़े नेता, मंत्री, ब्यूरोक्रेट्स और बड़े कारोबारियों के अलावा दिल्ली के भी कई नेता-अफसरों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।

गिरोह से जुड़ी सागर की रेशू चौधरी व इंटेलिजेंस विभाग के हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा को क्राइम ब्रांच ने गुरुवार दोपहर गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में वह खुद को भाजपा कार्यकर्ता बताने लगी। तलाक के बाद वह आरोपी श्वेता जैन के संपर्क में आई। श्वेता की मदद से रेशू की पहचान इंदौर की अलका दीक्षित से हुई। उधर दिल्ली से इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के अफसरों ने भी इंदौर के पुलिस अफसरों से पूरे केस की जानकारी ली है।

पुलिस को पता चला है कि गिरोह प्रतिष्ठित कारोबारी को जाल में फंसाकर ब्लैकमेल करने वाला था। क्राइम ब्रांच डीसीपी राजेश त्रिपाठी ने बताया, शराब कारोबारी हितेंद्र सिंह चौहान को ब्लैकमेल करने वाली अलका दीक्षित निवासी द्वारकापुरी, उसका बेटा जयदीप दीक्षित, लाखन चौधरी निवासी पीथमपुर, श्वेता जैन निवासी भोपाल और जितेंद्र पुरोहित निवासी देवास को गिरफ्तार किया है।

जांच में अलका का श्वेता से कनेक्शन निकला है। दोनों वर्ष 2019 में जेल में थीं, वहीं मुलाकात हुई। इस गिरोह से रेशू चौधरी (35) निवासी मकरोनिया (सागर) भी जुड़़ी है। अलका पर 17 केस पूर्व से दर्ज हैं। उसके संपर्क में इंटेलिजेंस विभाग का हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा भी है। दोनों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है।

श्वेता बन सकती है सरकारी गवाह

श्वेता ने पुलिस के सामने मामले में सरकारी गवाह बनाने की बात कही है। अब पुलिस रेशू और अलका के पास मौजूद कथित हनी ट्रैप वीडियो, ऑडियो और अन्य डिजिटल सबूत जब्त करने की कोशिश कर रही है।

सागर के होटल व्यवसायी व बिल्डर से भी संपर्क

सूत्रों के मुताबिक रेशू का कई प्रतिष्ठित लोगों से संपर्क है। वह अंग्रेजी बोलने में माहिर है। अधिकारी-नेताओं से अच्छी बात कर पहचान बना लेती है। वह शुरुआती समय में सागर में भाजपा की महिला कार्यकरिणी की सक्रिय कार्यकर्ता रही है।

इंदौरी नेताओं के नाम भी आ सकते हैं सामने

सूत्रों के मुताबिक अलका ने चिंटू ठाकुर को ब्लैकमेल करने की कोशिश की थी। इसके बाद चिंटू ने उससे नेताओं से संबंध होने की बात कही तो अलका ने चिंटू को इंदौर के कुछ नेताओं के हनी ट्रैप वीडियो दिखाए और कहा कि जिन नेताओं की पहुंच का हवाला दे रहे हो, उनके भी उनके वीडियो उसके पास मौजूद हैं।

ओमान में पढ़ी, वहीं शादी की फिर तलाक

डीसीपी ने बताया, रेशू केमिस्ट्री से जुड़ा कोर्स करने मस्कट(ओमान) गई थी, वहीं शादी कर ली। कुछ समय बाद तलाक हो गया। ये बात सामने आई कि उसका किसी वकील की मदद से श्वेता से संपर्क हुआ। श्वेता की मदद से रेशू ने अलका से मुलाकात की। ब्लैकमेल के मामले में रेशू की भूमिका भी सामने आई। क्राइम ब्रांच ने उसे मकरोनिया स्थित घर से पकड़ा। उसके मोबाइल को जांच में शामिल किया है। वहीं, हेड कांस्टेबल विनोद शर्मा के अलका से कनेक्शन मिले हैं। जांच के बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं देवास के जितेंद्र की गिरोह में क्या भूमिका है, वह कैसे इन आरोपियों के संपर्क में आया, इसकी जांच कर रहे हैं।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें