इंदौर, May 16, 2026

MP BJP इंदौर नगर भाजपा महिला मोर्चा की नियुक्तियां ( Source: Facebook account)
BJP Appointment:इंदौर नगर भाजपा के मोर्चा प्रकोष्ठों के मुखियाओं की नियुक्तियां होने जा रही हैं, जिसको लेकर पैनल बनाने का काम चल रहा है। भाजयुमो के बाद महिला मोर्चा में भी कुर्सी की खासी जंग चल रही है। संघर्ष युवा और वरिष्ठ नेत्रियों के बीच हो रहा है जिसके विवाद में कोई भी नेता पडऩा नहीं चाहता है। उन्हें मालूम है कि एक को बनाकर बाकी से बुराई ही मिलना है। हालांकि सांसद चाहते हैं कि उनकी समर्थक को मौका दिया जाए।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सख्त निर्देश हैं कि सभी जिला अध्यक्ष तुरत-फुरत मोर्चा प्रकोष्ठों के गठन को लेकर पैनल बनाकर भेजें, ताकि जल्द नियुक्तियां हो सके। इसको लेकर संगठन से भी लगातार दबाव है, जिसके चलते नगर भाजपा अध्यक्ष सुमित मिश्रा सभी कोर कमेटी सदस्यों से नाम ले रहे हैं। युवा मोर्चा के बाद दावेदारों की सबसे ज्यादा संख्या महिला मोर्चा में है, लेकिन मजेदार बात ये है कि कोई भी नेता विटो नहीं कर रहा है।
अधिकांश का मानना है कि जिसको बनाना है उसे बना दो। इस बार पद को लेकर संघर्ष अलग लेवल का है। मोर्चा में दो फाड़ हो गई है, जिसमें एक तरफ युवा तो दूसरी तरफ वरिष्ठ नेत्रियां हैं। अब तक वरिष्ठों के हाथ में कमान रहती थी, लेकिन इस बार युवा नेत्रियां दमदारी से लगी हुई हैं कि उन्हें मौका दिया जाए, ताकि वे संगठन में नए पीढ़ी को जोड़ सके। कब तक पुरानी महिला नेत्रियों को मौका दिया जाएगा। दूसरी तरफ वरिष्ठ नेत्रियों का तर्क है कि पार्टी का गंभीर मोर्चा है, जिसे संभालकर चलाने की आवश्यकता रहती है जिसके लिए अनुभवियों को ही मौका दिया जाए। इस फेर में महिला मोर्चा की पैनल का काम उलझा हुआ है।
तीन दशक से इंदौर महिला मोर्चा अध्यक्ष का नाम इंदौर की आठ बार सांसद रही सुमित्रा महाजन ही करती थीं लेकिन इस बार उन्होंने दूरी बना ली। उन्होंने प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष को कुछ नाम दिए थे पदाधिकारी बनाने के लिए, लेकिन उन्हें तवज्जो नहीं मिली। इस वजह से उन्होंने हस्तक्षेप करना बंद कर दिया। दूसरी तरफ सांसद शंकर लालवानी चाहते हैं कि उनकी समर्थक व पार्षद संध्या यादव को मौका दिया जाए। उन्होंने यादव का प्रदेश महिला मोर्चा के लिए भी नाम दिया था।
अध्यक्ष बनने के लिए दावेदारों की फेहरिस्त में पार्षद कंचन गिदवानी, संध्या यादव, शिखा दुबे, बरखा मालू का नाम भी है। उनके अलावा श्रेष्ठा जोशी, वृंदा गौड़, ज्योति तोमर, डॉ. श्रद्धा दुबे, राधा राठौर, ज्योति पंडित, माधुरी जायसवाल, कविता यादव, नीता शर्मा, रचना गुप्ता और अनीता व्यास भी अध्यक्ष बनने की सूची में शामिल हैं। एक बात ये भी निकलकर आ रही है कि नगर भाजपा विवादों से बचने के लिए नए नाम को हरी झंडी दे सकती है।
Published on: 16 May 2026 04:40 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।