
हुब्बल्ली में एक नेत्रहीन विद्यालय की अलमारी की चाबी सौंपते मजेठिया फाउंडेशन के चेयरमैन जितेन्द्र मजेठिया।
आशा और आत्मविश्वास बनेगा जीवन का मार्गदर्शक
फाउंडेशन ऐसे बच्चों को स्कूल तक पहुंचाने में हरसंभव सहयोग करेगा, ताकि कोई भी नेत्रहीन बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। यदि समाज के किसी भी हिस्से में ऐसे नेत्रहीन विद्यार्थियों की जानकारी मिले, तो वह मजेठिया फाउंडेशन तक साझा की जा सकती है। इतना ही नहीं, यदि किसी क्षेत्र में नेत्रहीन बच्चों की संख्या अधिक पाई जाती है, तो फाउंडेशन उनके भविष्य को संवारने के लिए वहां अलग से विद्यालय स्थापित करने पर भी गंभीरता से विचार करेगा ताकि अंधकार नहीं, आशा और आत्मविश्वास उनके जीवन का मार्गदर्शक बने।
सेवा के साथ मनाया ब्रेल दिवस
नेत्रहीन विद्यार्थियों के जीवन में आत्मनिर्भरता, सम्मान और अवसरों का प्रकाश फैलाने के उद्देश्य से मजेठिया फाउंडेशन हुब्बल्ली की ओर से विश्व ब्रेल दिवस को सेवा, संवेदना और संकल्प के साथ मनाया गया। यह आयोजन आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया (एलिम्को), दिव्यांग अधिकारिता विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा प्रधानमंत्री दिव्यशा केंद्र, हुब्बल्ली के संयुक्त तत्वावधान में, आनन्द नगर रोड स्थित सरकारी नेत्रहीन विद्यालय में आयोजित हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए मजेठिया फाउंडेशन के चेयरमैन जितेन्द्र मजेठिया ने कहा कि नेत्रहीन किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं हैं। उन्हें केवल अवसर और विश्वास की आवश्यकता है। स्वयं को कभी कमजोर न समझें।
कानूनी अधिकारों की जानकारी
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण धारवाड़ के सदस्य सचिव एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश परशुराम एफ. डोड्डामणि ने दिव्यांगजनों से जुड़े कानूनी अधिकारों की जानकारी दी। हाईकोर्ट के वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन लिम्बिकै ने भी अपने विचार रखे। जिला दिव्यांग एवं सशक्तिकरण अधिकारी कविता काले ने कहा कि सरकार की अनेक कल्याणकारी योजनाएं हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में उनका पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा। उन्होंने दिव्यांगों से योजनाओं की जानकारी लेकर लाभ उठाने का आह्वान किया। एलिम्को के कार्यकारी अधिकारी आशीष कुमार, विद्यालय के अधीक्षक राजकुमार एम. सबोजी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे।
सेवा भी, सम्मान भी
कार्यक्रम के दौरान मजेठिया फाउंडेशन की ओर से विद्यालय को 38 पलंगों के गद्दे, चादरें एवं अन्य उपयोगी सामग्री भेंट की गई। साथ ही एक अन्य नेत्रहीन विद्यालय को दो अलमारियां प्रदान की गईं, जिनकी चाबी औपचारिक रूप से सौंपी गई। इस मौके पर सनातन सेवा संगठन चैरिटेबल ट्रस्ट हुब्बल्ली के कार्यकारिणी सदस्य किशोर पटेल गोलिया चौधरियान, बाबूलाल सीरवी, बालकृष्ण सराफ, फाउंडेशन के अमरेश हिप्पारागी, अमृत पटेल, सीईओ डॉ. सुनील कुमार कुकनूर समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
विद्यार्थियों ने दी प्रस्तुति
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना से हुई। विद्यार्थियों ने गायन, भाषण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ब्रेल दिवस की महत्ता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों का सम्मान भी किया गया। अतिथियों का शॉल ओढाकर एवं माल्यार्पण से सम्मान किया गया।
Published on:
09 Jan 2026 04:52 pm

बड़ी खबरें
View Allहुबली
कर्नाटक
ट्रेंडिंग
