
शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं हनुमानजी के सजीव पात्र श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे।
श्रद्धा, भक्ति और उल्लास
अयोध्या में भव्य श्रीराम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा को दो वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर देशभर की तरह हुब्बल्ली शहर में भी श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ विविध धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। गुरुवार को शहर के कई हिस्सों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों, संस्कारों और सनातन संस्कृति के प्रति जन-आस्था को और अधिक सुदृढ़ किया गया। इन आयोजनों के माध्यम से श्रीराम के आदर्श मर्यादा, सेवा, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।
रामभजनों की मधुर धुनें
महोत्सव के अंतर्गत गणेश मंदिर, इंडस्ट्रियल एस्टेट गोकुल रोड से नानकी कन्वेंशन हॉल तक शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा का मार्गभर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शोभायात्रा में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं हनुमानजी के सजीव पात्र आकर्षण का केंद्र रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, जय श्रीराम के उद्घोष और रामभजनों की मधुर धुनों से पूरा वातावरण भक्तिरस में सराबोर हो गया। शोभायात्रा में शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे पारंपरिक वेशभूषा और श्रद्धाभाव के साथ शामिल हुए। बीच-बीच में जय श्रीराम के जयकारों के साथ श्रीराम भजनों की प्रस्तुति होती रही, जिससे पूरा नगर राममय नजर आया।
श्रीराम भक्ति का रसपान
शोभायात्रा के पश्चात नानकी कन्वेंशन हॉल में संगीतमय हनुमान चालीसा पाठ, भजन-कीर्तन, नृत्य प्रस्तुति, आरती एवं प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया। भावपूर्ण प्रस्तुतियों के माध्यम से श्रद्धालुओं ने श्रीराम भक्ति का रसपान किया। इस संपूर्ण आयोजन का दायित्व समस्त श्रीराम भक्तवृंद हुब्बल्ली द्वारा निभाया गया। इससे पूर्व गणेश मंदिर परिसर में महिलाओं द्वारा सामूहिक नृत्य प्रस्तुति दी गई, जिससे मंदिर परिसर भी जय श्रीराम के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
कई गणमान्य नागरिक हुए शोभायात्रा में शामिल
शोभायात्रा के दौरान अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के राज्याध्यक्ष रमेश कुलकर्णी, वीर आंजनेय हनुमान मंदिर के चेयरमैन नरेश शाह, अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद के को-ऑर्डिनेटर रामभद्रन, अखिल भारतीय मानस प्रचार समिति के संस्थापक सदस्य बालकृष्ण सराफ, श्रीरामदेव मरुधर सेवा संघ हुब्बल्ली के सचिव मालाराम देवासी, आंजणा चौधरी पटेल समाज सेवा संघ हुब्बल्ली-धारवाड़ के पूर्व अध्यक्ष दूदाराम चौधरी, बाबूलाल सीरवी, सुभाष जमादार, खेतसिंह राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। श्री हनुमान परिवार की सेविका भारती पटेल समेत महिला कार्यकर्ताओं का भी शोभायात्रा समेत पूरे आयोजन में विशेष सहयोग रहा।
Published on:
22 Jan 2026 06:15 pm
बड़ी खबरें
View Allकर्नाटक
ट्रेंडिंग
