
एलिवेटेड रोड के दूसरे चरण में रानी लक्ष्मीबाई समाधि से गुरुद्वारे के बीच पिलर खड़े कर दिए गए हैं। इन पिलरों पर अब रोड के स्लैब डाले जाने हैं। इसके लिए फूलबाग की मुख्य सड़क को बंद करने की आवश्यकता बताई गई है। सेतू संभाग पीडब्ल्यूडी ने इसके लिए एक महीने का ब्लॉक मांगा है। प्रस्ताव के अनुसार सड़क को पूर्णतः बंद कर यातायात को अन्य मार्गों से डायवर्ट किया जाएगा। फूलबाग सड़क मुरार, लश्कर, उपनगर ग्वालियर, सिटी सेंटर और गोला का मंदिर क्षेत्र को जोड़ती है। इस मार्ग से प्रतिदिन एक लाख से अधिक वाहन गुजरते हैं। ऐसे में यदि सड़क पूरी तरह बंद की जाती है, तो यातायात व्यवस्था पर गंभीर असर पड़ सकता है। पुलिस के पास फिलहाल मोती महल मार्ग का ही विकल्प है, लेकिन यह मार्ग इतने अधिक वाहनों का दबाव झेलने की स्थिति में नहीं है।
शनिवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के अंतिम चरण में पुलिस ने फूलबाग ब्लॉक को लेकर स्थिति स्पष्ट की। इस पर सांसद, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने एक स्वर में कहा कि यदि सड़क को पूरी तरह बंद किया गया, तो शहर में बड़ी परेशानी खड़ी हो सकती है। अधिकारियों ने सुझाव दिया कि कार्य रात में कराया जाए। इसके साथ ही दिन के समय रेलवे की तरह सीमित समय के लिए ब्लॉक देने का विकल्प भी अपनाया जाए।
विकल्प के रूप में सुझाए गए मार्ग
लक्ष्मीबाई समाधि से चौपाटी होते हुए जल विहार और नदी गेट की ओर वाहनों को निकाला जाए।
नए पड़ाव पुल से आने वाले वाहनों को मोती महल होते हुए नदी गेट की ओर डायवर्ट किया जाए।
यदि अप और डाउन के वाहन एक ही मार्ग पर चलेंगे, तो दिनभर जाम की स्थिति बनी रह सकती है, विशेषकर दोपहर में स्कूल बसों की आवाजाही के दौरान।
जाम से बचने के लिए चेतकपुरी और एजी ऑफिस पुल होते हुए मुरार-थाटीपुर की ओर जाने का विकल्प भी सुझाया गया है।
बॉक्स
लाइन टूटने से भरा पानी, जाम की स्थिति
रोड के पिलर निर्माण के दौरान फूलबाग क्षेत्र में पानी की पाइप लाइन टूट गई है, जिससे सड़क पर पानी भर गया है।
फूलबाग चौराहे पर वाहन पिलरों के पास से निकल रहे हैं। आगे बैरिकेड्स लगाए गए हैं, जिससे जाम की स्थिति बन रही है और लोग परेशान हो रहे हैं।
फूलबाग चौराहे पर वाहन रॉन्ग साइड से भी जा रहे हैं, जिससे जाम और अधिक बढ़ रहा है।
इनका कहना है
एलिवेटेड रोड पर स्लैब डालने का काम शुरू होना है। अगले सप्ताह से स्लैब डालने की योजना थी। ट्रैफिक पुलिस को मार्ग परिवर्तन का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रस्ताव स्वीकृत होने के बाद ही स्लैब डालने का काम शुरू किया जाएगा।
जोगेन्द्र सिंह यादव, कार्यपालन यंत्री, सेतू संभाग पीडब्ल्यूडी
Published on:
08 Feb 2026 11:30 am
बड़ी खबरें
View Allग्वालियर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
