ग्रेटर नोएडा, May 19, 2026

PHOTO X
Deepika nagar death case: ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 थाना क्षेत्र के जलपुरा गांव में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां दीपिका नागर नाम की महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। दीपिका के मायके वालों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने इसे आत्महत्या मानने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि दीपिका को बेरहमी से पीटने के बाद छत से नीचे फेंक दिया गया। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर लिया है।
दीपिका के पिता और चाचा ने बताया कि लड़की का ससुर एक शातिर भूमाफिया है, जिस पर पहले से ही 20 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं। परिजनों का कहना है कि अगर उन्हें इस बात की भनक भी होती, तो वे अपनी बेटी की शादी इस परिवार में कभी नहीं करते। गुस्से और दुख से भरे परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाई है कि दोषियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाए और उनका पुलिस एनकाउंटर किया जाए।
पिता और चाचा का दावा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दीपिका के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, लेकिन कोई फ्रैक्चर नहीं है। उनके अनुसार, दीपिका के पेट और सिर पर गहरे जख्म हैं, जो इस बात का इशारा करते हैं कि गिरने से पहले उसके साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी। परिजनों ने यह भी सवाल उठाया कि हादसे के बाद ससुराल वाले दीपिका को पास के अस्पताल ले जाने के बजाय दूर क्यों ले गए?
दीपिका के चाचा ने आगे कहा कि, 'यह स्पष्ट रूप से हत्या का मामला है, उसे क्रूरतापूर्वक प्रताड़ित किया गया था। ऐसे में हम मुख्यमंत्री योगी से अपील करते हैं कि इन लोगों को दंडित करें और उनकी संपत्ति को नष्ट कर दें। उन्हें मुठभेड़ में मार दिया जाना चाहिए।'
मृतका की मां सरोज और बहन सारिका ने बताया कि दीपिका शादी के बाद से ही बहुत परेशान थी। ससुराल वाले लगातार कार और नकदी की मांग कर रहे थे। मां का आरोप है कि उन्होंने दीपिका को कभी मायके भी नहीं आने दिया। मौत से कुछ घंटे पहले ही दीपिका ने अपनी बहन को फोन कर दहेज के लिए प्रताड़ित किए जाने की बात बताई थी।
संबंधित विषय:
Published on: 19 May 2026 06:11 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।