
घायल बदमाश फोटो सोर्स विभाग
गोंडा जिले के नवाबगंज क्षेत्र में युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक आरोपी के पैर में गोली लगी। जबकि उसका साथी घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पुलिस ने अपहृत युवक को पहले ही सुरक्षित बरामद कर लिया था।
गोंडा जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान एक बदमाश के पैर में गोली लगी है। जिसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम पहली की रहने वाली सुशीला यादव ने थाने में शिकायत दी थी कि 2 मार्च की दोपहर करीब 12 बजे एक काले रंग की थार गाड़ी से आए व्यक्ति ने उनके पति अंकित कुमार यादव को घर से बुलाया। इसके बाद अंकित अपनी बाइक से कटरा तिराहा की ओर निकल गए। रास्ते में अकबरपुर चौराहे के पास उस व्यक्ति और उसके साथियों ने उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर अपहरण कर लिया।
मामले की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कई पुलिस टीमों और एसओजी को लगाया गया। पुलिस की लगातार तलाश के दौरान अपहृत अंकित कुमार यादव को मसकनवा गौशाला तिराहे के पास से सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि घटना में शामिल दो आरोपी उमरिया पावर हाउस के पास आने वाले हैं। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने की कोशिश की। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी विकास मिश्रा के पैर में गोली लग गई। जबकि उसका साथी सौरभ दूबे भागने लगा। लेकिन पुलिस ने उसे भी पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध तमंचे, कारतूस, एक मोटरसाइकिल और 58 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने हाल ही में एक व्यक्ति से मारपीट कर पैसे छीनने की वारदात भी कबूल की है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि शुक्रवार की देर रात्रि नवाबगंज पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में विकास नाम के बदमाश को पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसके साथी सौरभ को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया है। इन अपराधियों ने चार दिन पहले नवाबगंज थाना क्षेत्र के रहने वाले एक व्यक्ति का अपहरण कर उनसे 2 लाख रुपये वसूल किए थे। 3 लाख रुपये की और मांग कर रहे थे। पुलिस ने जब घेराबंदी की तो आरोपी अपहरण करने वाले व्यक्ति को छोड़कर मौके से फरार हो गए थे। मुकदमा पंजीकृत कर इनकी गिरफ्तारी के लिए चार टीमों को लगाया गया था। देर रात मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया है।
Published on:
07 Mar 2026 07:08 am
बड़ी खबरें
View Allगोंडा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
