गाज़ियाबाद, May 31, 2026

भाजपा नेता संगीत सोम (IANS)
Surya Murder Case: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में हुए चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने एक एनकाउंटर में मार गिराया है। इस कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। बीजेपी के बड़े नेता संगीत सोम ने गाजियाबाद पुलिस की इस कार्रवाई की तारीफ करते हुए एक बड़ा और तीखा बयान दिया है। संगीत सोम ने कहा कि जो लोग कुर्बानी के नाम पर हत्याएं करते हैं, उनका अंजाम ऐसा ही होना चाहिए।
असद के एनकाउंटर पर बीजेपी नेता संगीत सोम ने गाजियाबाद पुलिस को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जिहादी सोच रखने वाले तत्वों को इसी तरह जड़ से कुचला जाना चाहिए। अगर देश में ऐसी मानसिकता के लोग बढ़ते रहे, तो भारत को पाकिस्तान या लेबनान बनते देर नहीं लगेगी। उन्होंने एनकाउंटर पर सवाल उठाने वालों को भी आड़े हाथों लिया और कहा कि पूरा देश इस कार्रवाई में पुलिस के साथ है।
असद के मारे जाने के बाद मृतक सूर्या के परिवार ने योगी सरकार को धन्यवाद कहा है। वहीं, साहिबाबाद के विधायक और यूपी सरकार में मंत्री सुनील शर्मा पीड़ित परिवार से मिलने उनके घर पहुंचे। मंत्री सुनील शर्मा ने कहा कि योगी सरकार की 'जीरो टॉलरेंस' नीति सिर्फ कागजों या दावों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे जमीन पर भी लागू किया जाता है। अपराधियों को उनके किए की सजा मिलकर रहेगी।
सूर्या चौहान की मौत के बाद हिंदू संगठनों और बीजेपी नेताओं का उनके घर पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। विश्व हिंदू परिषद के केंद्रीय महामंत्री बजरंग लाल बागड़ा ने भी पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को सांत्वना देने के साथ ही वीएचपी की ओर से सहायता राशि सौंपी। उन्होंने आश्वासन दिया कि नए कानून और न्याय संहिता के तहत आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करवाई जाएगी।
एनकाउंटर के बाद पूरे इलाके में शांति बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। एहतियात के तौर पर मृतक सूर्या चौहान के घर के बाहर रैपिड एक्शन फोर्स की तैनाती कर दी गई है, वहीं मारे गए आरोपी असद के घर के आसपास भी भारी पुलिस बल तैनात किया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
Updated on: 02 Jun 2026 10:36 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।