गाज़ियाबाद, May 31, 2026

सूर्या हत्याकांड लेटेस्ट अपडेट। फोटो सोर्स- पत्रिका न्यूज
Surya Murder Case Update Assad Encounter Ghaziabad:गाजियाबादके चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। मामले के मुख्य आरोपी असद को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह एनकाउंटर इंदिरापुरम क्षेत्र में हुआ, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच दोनों ओर से करीब 50 राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ के दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी घायल हो गया। वहीं असद का एक साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि असद अपने एक दोस्त से पैसे लेने के लिए खोड़ा इलाके में आने वाला है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने इलाके में घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। इसी दौरान पुलिस टीम को असद अपने एक साथी के साथ बाइक पर आता दिखाई दिया।
पुलिस का दावा है कि जब टीम ने असद को रुकने का इशारा किया तो उसने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। दोनों ओर से हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी में असद गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई। इस दौरान एक पुलिस कांस्टेबल भी गोली लगने से घायल हो गया।
मुठभेड़ के दौरान बाइक चला रहा असद का साथी अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटनास्थल से पुलिस ने एक पिस्टल और बाइक भी बरामद की है।
एनकाउंटर की खबर सामने आने के बाद मृतक सूर्या चौहान की मां सरोज ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि असद और उसके साथियों के घरों पर बुलडोजर चलाया जाना चाहिए।
सरोज ने भावुक होते हुए कहा कि जिस तरह उनके बेटे की हत्या की गई, उसी तरह आरोपियों को भी सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा, "जिस तरह मेरे बच्चे को मारा गया, उन्हें भी उसी तरह मारकर लाया जाना चाहिए। मैं अभी तक अपने बेटे का चेहरा नहीं देख पाई हूं। मुझे असद की लाश की तस्वीर दिखाई जानी चाहिए।"
सूत्रों का कहना है कि असद शहर छोड़कर फरार होने की तैयारी में था। हालांकि इससे पहले ही गाजियाबाद पुलिस को उसकी लोकेशन मिल गई और इंदिरापुरम में हुई मुठभेड़ के दौरान उसे मार गिराया गया। पुलिस अब उसके फरार साथी और मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
Published on: 31 May 2026 09:35 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।