गाज़ियाबाद, May 30, 2026

सूर्या कुमार
Surya Murder Update: गाजियाबाद की खोड़ा कॉलोनी में हुए सूर्या मर्डर केस में अब नया मोड़ सामने आया है। मामले के मुख्य चश्मदीद गवाह और मृतक सूर्या के दोस्त विक्की ने दावा किया है कि आरोपी असद ने घटना से पहले फोन कर उसे और सूर्या को मिलने के लिए बुलाया था। विक्की के अनुसार दोनों आरोपी के बुलावे पर तय जगह पहुंचे थे। वहां पहुंचने के बाद पहले बातचीत हुई, लेकिन कुछ ही देर में विवाद शुरू हो गया और हालात बिगड़ते चले गए।
विक्की का कहना है कि सूर्या और नाबालिग आरोपी के बीच करीब आठ महीने पहले मारपीट हुई थी। उस समय स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों के बीच समझौता करा दिया था। हालांकि, आरोप है कि समझौते के बाद भी असद पुरानी बात को नहीं भूला और उसके मन में रंजिश बनी रही। इसी बीच ईद के दिन उसने सूर्या को मिलने बुलाया।
प्रत्यक्षदर्शी विक्की के अनुसार, घटना वाले दिन आरोपी और उसके कुछ साथी पहले से मौके पर मौजूद थे। सूर्या के वहां पहुंचने के बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई, जो धीरे-धीरे कहासुनी में बदल गई। विक्की का आरोप है कि इसी दौरान असद ने सूर्या से कुछ आपत्तिजनक सवाल पूछे। माहौल गर्म होने के बाद आरोपी ने अचानक चाकू निकाल लिया और सूर्या के पेट में कई वार कर दिए।
जब उनके बीच में बहस हो रही थी तब एक दोस्त ने मामला शांत कराने की कोशिश भी की थी। मामला एक बार के लिए शांत भी हुआ था लेकिन बाद में उसने फिर से उस पर हमला कर दिया।
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायल सूर्या को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे नोएडा के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद शुक्रवार को उसकी मौत हो गई। सूर्या 11वीं कक्षा का छात्र था। उसकी मौत की खबर सामने आने के बाद परिवार और स्थानीय लोग सदमे में हैं।
सूर्या की मौत के बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी फिलहाल फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें बनाई गई हैं।
संबंधित विषय:
Updated on: 03 Jun 2026 06:39 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।