Patrika LogoSwitch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

ठायं…ठायं…भाजपा नेता पर दागी गोलियां, कार के शीशे चकनाचूर, थाने पहुंचे भाजपा विधायक

गाजियाबाद में बुधवार रात भाजपा पार्षद शीतल चौधरी की कार पर अज्ञात बदमाशों ने दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां विंडशील्ड चीरती रहीं। लेकिन पार्षद ने हिम्मत नहीं हारी। जानिए, कैसे चलती गाड़ी में मौत सामने देखकर भी उन्होंने खुद को बचाया।

2 min read
Google source verification
Ghaziabad

भाजपा पार्षद शीतल चौधरी फोटो सोर्स ट्यूटर अकाउंट के वीडियो स्क्रीनशॉट से

यूपी के गाजियाबाद में बुधवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया। जब भाजपा पार्षद शीतल चौधरी की कार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां दाग दीं। बाइक सवार बदमाशों की इस वारदात में पार्षद बाल-बाल बच गईं। घटना के बाद पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में कुछ समय सनसनी फैल गई। जब बुधवार देर रात कमला नेहरू नगर इलाके में एनएचआरएफ रोड के पास भाजपा पार्षद शीतल चौधरी की सफेद क्रेटा कार पर फायरिंग की गई। जानकारी के अनुसार, शीतल चौधरी नोएडा से अपने घर लौट रही थीं। तभी हेलमेट लगाए दो बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार को ओवरटेक करते हुए करीब दो राउंड फायरिंग कर दी। गोलियां सीधे कार के आगे के शीशे पर लगीं। जिससे वह पूरी तरह चकनाचूर हो गया। हालांकि, गनीमत रही कि पार्षद को कोई चोट नहीं आई।

फायरिंग के बाद हिम्मत नहीं हारी सुरक्षित स्थान तक पहुंची

फायरिंग के बावजूद शीतल चौधरी ने हिम्मत नहीं हारी और गाड़ी को संभालते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचीं। सूचना मिलते ही कविनगर थाना पुलिस और अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों पर नाकेबंदी कर दी। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। हालांकि घटना को क्यों अंजाम दिया गया। अभी तक ऐसी कोई वजह सामने नहीं आई है।

पुलिस हर एंगल से कर रही जांच, अभी तक घटना की वजह नहीं आई सामने

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें गठित की गई हैं। शुरुआती जांच में यह मामला सुनियोजित हमला प्रतीत हो रहा है। हालांकि अभी किसी राजनीतिक या व्यक्तिगत रंजिश की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

थाने पहुंचे भाजपा विधायक

भाजपा के महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल और विधायक संजीव शर्मा कवि नगर थाने पहुंचे और जानकारी ली। शीतल की ओर से देर रात को थाने में अज्ञात हमलावरों के बारे में जानकारी दी गई। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुट गई है। भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने कहा कि पुलिस अधिकारियों ने उन्होंने बात की है। संगठन पार्षद के साथ खड़ा है।