
फतेहपुर में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, PC- Video Grab
उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में बुधवार शाम एक ही परिवार के तीन लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घर के अंदर मां, बेटे और देवर के खून से लथपथ शव मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना सदर कोतवाली क्षेत्र के चौफेरवा गांव की है। यहां रहने वाले सुनील उर्फ गुड्डू श्रीवास्तव (52) अपने बड़े भाई सुशील कुमार श्रीवास्तव (55), भाभी सुशीला श्रीवास्तव (55) और भतीजे अमर (28) के साथ रहते थे।
बुधवार शाम करीब 7:30 बजे सुशील कुमार श्रीवास्तव जब घर पहुंचे तो उन्होंने दरवाजा बंद पाया। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने लोहे की रॉड से दरवाजा तोड़ा और घर के अंदर दाखिल हुए।
अंदर का दृश्य देखकर वह सन्न रह गए। उनकी पत्नी सुशीला और बेटा अमर कमरे में खून से लथपथ पड़े थे। वहीं सुनील गंभीर हालत में घायल अवस्था में मिले और उनकी सांसें चल रही थीं।
घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने घायल सुनील को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार की बेटी दीप्ति श्रीवास्तव ने बताया कि दिन में उनकी परिवार से बात हुई थी। इसके बाद वह बच्चों को स्कूल से लेने चली गई थीं। जब बाद में घर पर फोन किया तो किसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।
दीप्ति ने बताया कि उनके पिता सुशील श्रीवास्तव बेटी के घर गए हुए थे। उन्होंने भी घर पर कई बार फोन किया, लेकिन फोन नहीं उठा। इसके बाद जब वह घर लौटे तो दरवाजा बंद मिला और अंदर यह दर्दनाक घटना सामने आई।
सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि उन्हें फिलहाल यह समझ नहीं आ रहा कि आखिर घर में ऐसा क्या हुआ, क्योंकि परिवार में किसी तरह का बड़ा विवाद भी नहीं था।
पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही घटना की असली वजह सामने आ सकेगी।
Published on:
11 Mar 2026 09:41 pm
बड़ी खबरें
View Allफतेहपुर
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
