
Crime News: इटावा जिले के विजय नगर चौराहा स्थित एक परचून की दुकान पर हुए हंगामे, मारपीट और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने लगभग तीन महीने बाद कार्रवाई करते हुए आरोपी यूट्यूबर और उसकी बहन को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों बहनों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में चालान किया है। हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए कार्रवाई में हुई देरी को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठ रहे हैं।
यह घटना 29 सितंबर की रात की बताई जा रही है। रामनगर निवासी शिवचंद की विजय नगर चौराहा पर जनरल स्टोर की दुकान है। आरोप है कि देर रात दुकान बंद करते समय फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी शिवम यादव अपने तीन-चार साथियों के साथ वहां पहुंचा। उसने दुकान से सामान लिया, लेकिन पैसे मांगने पर गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर उसने फोन कर अपनी बहनों अश्वि यादव और नीतू यादव को बुला लिया।
कुछ ही देर में दोनों बहनें दो कारों से मौके पर पहुंचीं और भाई का पक्ष लेते हुए जमकर हंगामा किया। आरोप है कि दुकान के बाहर खड़ी बाइक को क्षतिग्रस्त कर दिया गया और दुकान के अंदर रखे सामान में भी तोड़फोड़ की गई। पीड़ित शिवचंद के अनुसार, शिवम यादव ने उसके कान पर थप्पड़ मारा, जिससे कान का पर्दा क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद दुकान में घुसकर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी गई। इस दौरान एक आरोपी कार की छत पर चढ़कर खुलेआम धमकियां देता रहा।
घटना का वीडियो मौके पर मौजूद लोगों ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित का आरोप है कि शिकायत लेकर थाने जाने पर उसकी तहरीर के साथ दुर्व्यवहार किया गया और मामले को दबाने का प्रयास हुआ। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस पर दबाव बढ़ा, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
अब करीब तीन महीने बाद पुलिस ने यूट्यूबर अश्वि यादव और उसकी बहन नीतू यादव को गिरफ्तार कर शांति भंग की कार्रवाई की है। थाना प्रभारी अमित मिश्रा ने बताया कि पूरे मामले की जांच अभी जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
12 Jan 2026 06:46 pm
बड़ी खबरें
View Allइटावा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
