30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, May 11, 2026

NTA ने भी मानी NEET परीक्षा में धांधली की बात, राजस्थान एसओजी कर रही है पूरे मामले की जांच

NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नीट यूजी परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायत मिलने की बात मानी है। अब राजस्थान एसओजी और केंद्रीय एजेंसियां मामले की गहराई से जांच कर रही हैं। जानें एनटीए ने इस मामले में क्या सफाई दी है।

Neet 2026 paper leak latest news

NEET UG 2026 (Image- Gemini)

NEET UG 2026: देश भर के मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए हुई नीट यूजी परीक्षा (NEET UG 2026) धांधली पर अब एनटीए का जवाब भी आ गया है। जिस परीक्षा पर लाखों बच्चों का भविष्य टिका होता है, उसमें धांधली की शिकायत मिलने की बात खुद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने भी मान ली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए राजस्थान स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG) और अन्य केंद्रीय एजेंसियों ने तुरंत एक्शन लेते हुए इसकी गहराई से जांच शुरू कर दी है। इस खुलासे के बाद परीक्षा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े सवाल खड़े हो गए हैं।

परीक्षा के बाद मिली गड़बड़ी की सूचना

एनटीए की ओर से जारी एक ऑफिशियल स्टेटमेंट में कहा गया है कि, परीक्षा होने के चार दिन बाद 7 मई, 2026 की देर शाम उन्हें परीक्षा में गड़बड़ी से जुड़े कुछ इनपुट मिले थे। इसके बाद 8 मई की सुबह एनटीएने इस मामले को स्वतंत्र जांच और जरूरी कार्रवाई के लिए केंद्रीय एजेंसियों को सौंप दिया। हाल ही में कानून लागू करने वाली एजेंसियों द्वारा की गई कुछ गिरफ्तारियां और हिरासत इसी जांच का हिस्सा हैं। एजेंसी ने बताया कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है और परीक्षा से जुड़ा सारा तकनीकी डेटा उपलब्ध करा रही है।

पूरी पारदर्शिता के साथ होगी कार्रवाई

मामले की जांच अभी जारी है। एनटीए का कहना है कि, जांच पूरी होने से पहले वह कोई भी अनुमान नहीं लगाएगी। जांच एजेंसियों को जो भी तथ्य मिलेंगे उसी के आधार पर पूरी ट्रांसपेरेंसी के साथ आगे की कार्रवाई की जाएगी। एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि, 3 मई, 2026 को हुई परीक्षा पूरी सुरक्षा के बीच कंडक्ट कराई गई थी।

सुरक्षा के किए गए थे कड़े इंतजाम

एनटीए ने अपनी सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया है कि,नीट परीक्षा के लिए सुरक्षा के खासा इंतजाम किए गए थे। क्वेश्चन पेपर्स को जीपीएस ट्रैक होने वाले वाहनों में भेजा गया था। एग्जाम हॉल में एआई तकनीक वाले सीसीटीवी कैमरे और फाइव जी जैमर लगाए गए थे। इसके साथ ही हर स्टूडेंट की बायोमेट्रिक जांच भी की गई थी।

स्टूडेंट्स से की खास अपील

एनटीए ने विरोध कर रहे कैंडिडेट्स को भरोसा दिलाया है कि, उनकी मेहनत बेकार नहीं जाएगी। एजेंसी ने स्टूडेंट्स से अपील की है कि वे जांच एजेंसियों को अपना काम करने दें। सही समय आने पर शिक्षा मंत्रालय के साथ मिलकर जरूरी कदम उठाए जाएंगे। किसी भी तरह की जानकारी या शिकायत के लिए छात्र नीट यूजी हेल्पलाइन नंबर 011 40759000 या 011 69227700 पर कॉल कर सकते हैं।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें