29 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

देवास, May 27, 2026

MP के देवास में 40 दूल्हों से एक साथ ठगी, मंडप में पहुंचे तो दुल्हनें गायब, मचा हड़कंप

Fake Marriage Scam: एमपी के देवास में अनाथ लड़कियों से शादी कराने के नाम पर 40 युवकों के साथ लाखों की ठगी की घटना सामने आई। पुलिस ने दर्ज किया मामला।

40 grooms cheated brides missing fake marriage scam mp news

40 grooms cheated brides missing from mandap (Patrika.com)

Fake Marriage Scam: मध्य प्रदेश के देवास जिले से चौंका देने वाला मामला सामने आया है। अनाथ आश्रम की लड़कियों के साथ शादी कराने का झांसा देकर 40 से अधिक युवकों के साथ ठगी का मामला रविवार रात करीब 10 बजे सामने आया। जानकारी के अनुसार विदिशा जिले के रहने वाले एक व्यक्ति ने अनाथ लड़कियों से शादी कराने के नाम पर युवकों से 15 से लेकर 25 हजार रुपए तक वसूले। शाजापुर, विदिशा, सीहोर, भोपाल से बड़ी संख्या में युवकों से रुपए लेकर उनकी शादी 25 मई को देवास माता टेकरी पर कराने का बोला। रविवार सुबह से सभी दूल्हे परिजनों के साथ पहुंच गए लेकिन देर शाम तक दुल्हनें नहीं आई। इसके बाद मामला बढ़ा और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर बीएनपी पुलिस मौके पर पहुंची और ठगी करने वाले के भाई और उसकी पत्नी को थाने ले गई। वहीं बड़ी संख्या में दूल्हे भी थाने पहुंचे।

भाई ने कहा था-सम्मेलन करवा रहे

जानकारी के अनुसार शमशाबाद क्षेत्र के मानिम चौराहा के रहने वाले मुकेशदास बैरागी का भाई दिनेशदास बैरागी इंदौर में काम करता है। उसने मुकेशदास को कहा था कि अनाथ लड़कियों की शादी हो रही है। किसी की शादी करवाना हो तो बताना। इसके बाद मुकेश व उसकी पत्नी ने रिश्तेदारी व परिचतों के माध्यम से दूल्हे तलाश किए तो आंकड़ा बढ़कर 40 के ऊपर पहुंच गया। सभी से मुकेश ने रुपए लिए और अपने भाई के खाते में डाल दिए। इसके बाद उसके भाई ने फोन बंद कर लिया। रविवार रात तक दुल्हनें नहीं आने पर दूल्हों व उनके परिजनों ने मुकेश व उसकी पत्नी को घेर लिया। खुद मुकेश कहता नजर आया कि उसे नहीं पता कि क्या किया भाई ने। उसने मेरे साथ ही फ्रॉड कर दिया।

इंस्टाग्राम के फोटो दिखाए

राहुल मीना ने बताया कि हम अरनियां कलां से आए हैं। इनको हमने 25 हजार रुपए शादी करवाने के नाम पर दिए हैं। कहा था कि केवल दूल्हे के पिता व दो-तीन लोग ही आना। माता टेकरी पर शादी करवाएंगे। आज सुबह 8 बजे से यहां खड़े हैं लेकिन कोई नहीं आया। फेसबुक व इंस्टाग्राम से लड़कियों की फोटो हमें भेजी गई थी। वहीं भोपाल के ओमप्रकाश प्रजापति ने बताया कि उसने 15 हजार रुपए दिए थे। 25 को सम्मेलन था लेकिन हमें 24 को बुलाया था। कहा था कि माता टेकरी पर शादी होगी। सुबह से खड़े हैं लेकिन अभी तक कोई नहीं आया।

रात में थाने पहुंचे सभी

क्लब ग्राउंड पर दूल्हों के इकट्ठा होने की सूचना पर बीएनपी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी से चर्चा की। इसके बाद पुलिस मुकेशदास व उसकी पत्नी को थाने ले गई। वहीं सभी दूल्हे और उनके परिजन भी थाने पर पहुंचे। यहां उन्होंने टीआइ प्रीति कटारे से चर्चा की। टीआई कटारे ने बताया मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपियों पर प्रकरण दर्ज किया जाएगा।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें