भारत, May 31, 2026

वैभव सूर्यवंशी (Photo - IANS)
Vaibhav Sooryavanshi IPL 2026 awards and Prize Money: आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु बनाम गुजरात टाइटंस फाइनल में शुभमन गिल और साई सुदर्शन के जल्दी आउट होते ही वैभव सूर्यवंशी टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। इसके साथ ही उन्होंने ऑरेंज कैप पर भी कब्जा कर लिया। इसके साथ ही वैभव की झोली में कई अवॉर्ड के साथ जमकर धनवर्षा भी हुई। उन्हें कौन-कौन से अवॉर्ड के साथ कितनी प्राइज मनी मिली है? आइये आपको भी बताते हैं।
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में 776 रनों के साथ ऑरेंज कैप की रेस में टॉप पर रहे। गुजरात टाइटन्स के बल्लेबाज शुभमन गिल (722 रन) और साई सुदर्शन (710 रन) के पास मौका था, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने से चूक गए। इस तरह वैभव ने ऑरेंज कैप जीत ली है। इसके लिए उन्हें बतौर प्राइज मनी 10 लाख रुपये भी मिले।
इलेक्ट्रिक सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन अवॉर्ड भी वैभव सूर्यवंशी के हिस्से में आया है। बता दें कि इस अवॉर्ड के लिए आईपीएल सीजन में कम से कम 7 मैच के साथ कम से कम 100 गेंदों खेलने वाले प्लेयर्स को चुना जाता है। इस सीजन में वैभव ने 237.30 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए, जो सबसे ज्यादा हैं। इसके लिए उन्हें बतौर इनाम टाटा सिएरा मिली।
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में कुल 72 छक्कों के साथ सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी रहे। इस अवॉर्ड के साथ उन्हें प्राइज मनी के तौर पर 10 लाख रुपये भी मिले। वैभव के बाद इस सीजन में सबसे ज्यादा छक्के सनराइजर्स हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा (43) और आरसीबी के कप्तान रजत पाटीदार (41) रहे।
वैभव सूर्यवंशी को इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन अवॉर्ड भी मिला है। इस अवॉर्ड के लिए उन प्लेयर्स को चुना जाता है, जिनका जन्म 1 अप्रैल 2000 के बाद हुआ हो और इस सीजन से पहले 25 से कम आईपीएल मैच खेले हों। साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट भी नहीं खेला हो। इससे पहले ये अवॉर्ड उसने नहीं जीता हो। प्रियांश आर्य, प्रिंस यादव भी इस अवॉर्ड को जीतने की दौड़ में शामिल थे, लेकिन वैभव का पलड़ा ज्यादा भारी था। इस अवॉर्ड के साथ उन्हें 10 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली है।
मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड भी वैभव सूर्यवंशी ने जीता है। वैभव ने 436.5 अंक के साथ इस मामले में गुजरात टाइटन्स के पेसर कगिसो रबाडा 408 अंक को पीछे छोड़ा है। इस अवॉर्ड के साथ सूर्यवंशी को 15 लाख रुपये की प्राइज मनी मिली है।
वैभव सूर्यवंशी को इस सीजन में बतौर कॉन्ट्रैक्ट 1.10 करोड़ और प्रति मैच फीस के रूप में 7.5 लाख रुपये के साथ आईपीएल से तीसरे स्थान पर राजस्थान रॉयल्स को मिलने वाले 7 करोड़ में से भी कुछ हिस्सा मिलेगा। 55 लाख की प्राइज मनी को इसमें जोड़ दिया जाए तो उन्होंने इस सीजन में करीब 3 करोड़ कमाए हैं।
संबंधित विषय:
Updated on: 01 Jun 2026 11:06 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।