हैदराबाद, Apr 19, 2026

सनराइजर्स हैदराबाद ने चेन्नई सुपर किंग्स को हराया (Photo- IANS)
SRH vs CSK Match: IPL 2026 सीजन के 27वें मैच में शनिवार को सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। इस मुकाबले में SRH ने CSK को 10 रनों से हरा दिया है। हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) द्वारा दिए गए 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 184 रन ही बना सकी। IPL 2026 सीजन में SRH की यह तीसरी जीत है।
SRH के 195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 3 गेंदों में 7 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद दूसरे विकेट के लिए कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने आयुष म्हात्रे के साथ मिलकर 51 रनों की अहम साझेदारी निभाई।
ऋतुराज 13 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद आउट हुए। वहीं, म्हात्रे ने 13 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और एक छक्के की मदद से 30 रन बनाए। मैथ्यू शॉर्ट ने 34 रनों का योगदान दिया। सरफराज खान अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 19 गेंदों में 25 रन बनाकर ईशान मलिंगा का शिकार बने। डेवाल्ड ब्रेविस को शिवांग कुमार ने बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया।
शिवम दुबे को 21 रनों के स्कोर पर साकिब हुसैन ने क्लीन बोल्ड किया। जेमी ओवरटन 15 गेंदों में 16 रन बनाने के बाद प्रफुल्ले हिंगा का शिकार बने। अंशुल कंबोज 8 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में SRH की तरफ से ईशान मलिंगा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 29 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 2 विकेट निकाले। शिवांग कुमार और साकिब हुसैन ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
टॉस हारने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के लिए अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने दमदार शुरुआत दी। उन्होंने पहले विकेट के लिए 75 रन जोड़े। हेड 20 गेंदों में 23 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने महज 22 गेंदों का सामना करते हुए 6 चौके और 4 छक्कों की मदद से 59 रन बनाए। वहीं, कप्तान ईशान किशन बिना खाता खोले मुकेश चौधरी का शिकार बने। हेनरिक क्लासेन ने 39 गेंदों में 59 रनों की शानदार पारी खेली। क्लासेन ने अपनी इस पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।
अनिकेत वर्मा 2 रन ही बना सके, जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने 12 और सलिल अरोड़ा ने 13 रन बनाए। लिविंगस्टन एक रन ही बना पाए, तो शिवांग कुमार ने 12 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी में सीएसके की तरफ से अंशुल कंबोज और जेमी ओवरटन ने 3-3 विकेट चटकाए। वहीं, मुकेश चौधरी ने 2 विकेट अपने नाम किए। यह सीएसके की इस सीजन की छठे मुकाबले में चौथी हार है।
संबंधित विषय:
Updated on: 19 Apr 2026 12:16 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।