भारत, Jun 04, 2026

ऋतुराज गायकवाड़ और रजत पाटीदार (Photo - IANS)
Ruturaj Gaikwad Virat Kohli Replacement, Rajat Patidar India A Vice Captain: भारतीय क्रिकेट में इस वक्त बड़े बदलावों का दौर चल रहा है। अफगानिस्तान के खिलाफ 14 जून से धर्मशाला में शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले टीम इंडिया को एक बड़ा झटका लगा है। दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली आईपीएल फाइनल के दौरान लगी हैमस्ट्रिंग चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं। डॉक्टरों ने उन्हें दो हफ्ते के आराम की सलाह दी है। ऐसे में सेलेक्टर्स ने उनकी जगह ऋतुराज गायकवाड़ को टीम में शामिल करने का मन बना लिया है।
दरअसल, श्रीलंका में होने वाली ट्राई-सीरीज के लिए तिलक वर्मा की कप्तानी वाली 'इंडिया ए' टीम में पहले रियान पराग के चोटिल होने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल किया गया था और उन्हें उपकप्तान बनाया गया था। लेकिन अब सीनियर टीम में विराट कोहली के चोटिल होने के बाद गायकवाड़ को अफगानिस्तान सीरीज के लिए मेन टीम में बुला लिया गया है। गायकवाड़ के जाने से 'इंडिया ए' में उपकप्तान का पद खाली हो गया, जिसकी वजह से बीसीसीआई (BCCI) ने अब धाकड़ बल्लेबाज रजत पाटीदार की 'इंडिया ए' स्क्वॉड में सीधे उपकप्तान के रूप में एंट्री करा दी है।
इस पूरी हलचल के बीच सबसे हैरान करने वाला फैसला संजू सैमसन को लेकर रहा। विराट कोहली के बाहर होने के बाद नंबर-3 पोजीशन के लिए सैमसन सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे थे, लेकिन चयनकर्ताओं ने उन्हें एक बार फिर नजरअंदाज कर दिया। संजू का नंबर-3 पर रिकॉर्ड बेहद शानदार है, जहां उन्होंने 54.33 की औसत से 163 रन बनाए हैं, जिसमें साउथ अफ्रीका के खिलाफ पार्ल में लगाया गया एक बेहतरीन शतक (108 रन) भी शामिल है। ओवरऑल वनडे में संजू का औसत 56.67 का है, फिर भी गायकवाड़ को उनके ऊपर तरजीह दी गई।
शनिवार को होने वाली चयन समिति की बैठक में सिर्फ कोहली के रिप्लेसमेंट पर ही नहीं, बल्कि हिटमैन रोहित शर्मा और आल राऊंडर हार्दिक पंड्या की फिटनेस पर भी बड़ा फैसला होना है। रोहित भी हैमस्ट्रिंग की समस्या से जूझ रहे हैं। अगर वह फिटनेस टेस्ट पास नहीं कर पाते हैं, तो यशस्वी जायसवाल को बैकअप ओपनर के तौर पर शुभमन गिल के साथ ओपनिंग के लिए बुलाया जा सकता है।
वहीं पीठ की पुरानी समस्या के कारण हार्दिक इस समय बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (CoE) में अपनी फिटनेस पर काम कर रहे हैं। अगर वह गेंदबाजी के लिए पूरी तरह फिट घोषित नहीं होते, तो उनकी जगह भी किसी और को मौका मिल सकता है।
Published on: 04 Jun 2026 05:08 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।