
न्यूजीलैंड बनाम UAE (फोटो- IANS)
New Zealand vs UAE Highlights: आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 11वें मुकाबले में न्यूजीलैंड ने ऐतिहासिक जीत हासिल की है। यूएई के खिलाफ न्यूजीलैंड ने सिर्फ 92 गेंदों में मैच जीत लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए यूएई की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 173 रन बनाए। 174 रनों के लक्ष्य को न्यूजीलैंड ने 15.2 ओवर में हासिल कर लिया और इस दौरान उसका एक भी विकेट नहीं गिरा।
टिम शेफर्ट ने 42 गेंदों में 89 रन बनाए, जबकि फिन एलन ने 50 गेंदों में 84 रन की नाबाद पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों ने मिलकर 8 छक्के और 17 चौके लगाए। इन दोनों के बीच 175 रनों की अटूट साझेदारी हुई, जो आज तक टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी है।
इससे पहले 2022 के टी20 वर्ल्ड कप में जोस बटलर और एलेक्स हेल्स ने भारत के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में 170 रनों की अटूट साझेदारी की थी। टी20 क्रिकेट में यह न्यूजीलैंड के लिए दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले 2020 में वेस्टइंडीज के खिलाफ ग्लेन फिलिप्स और डेवोन कॉनवे ने 184 रनों की साझेदारी की थी।
वर्ल्ड कप के इतिहास में 10 विकेट से मुकाबला जीतने वाली न्यूजीलैंड छठी टीम बन गई है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका के खिलाफ, साउथ अफ्रीका ने जिम्बाब्वे के खिलाफ, ओमान ने पापुआ न्यू गिनी के खिलाफ, पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ और इंग्लैंड ने भारत तथा यूएई के खिलाफ यह कारनामा किया था। वहीं अब न्यूजीलैंड ने यूएई के खिलाफ यह उपलब्धि हासिल की है।
इस मुकाबले में यूएई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और आर्ययांश शर्मा सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान मोहम्मद वसीम और अलिशान शरफु ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन से अधिक की साझेदारी की। अलिशान 55 रन बनाकर आउट हो गए और उनके आउट होने के बाद विकेटों की झड़ी लग गई।
दूसरी ओर मोहम्मद वसीम ने अपना अर्धशतक पूरा किया और 45 गेंदों में 66 रन बनाकर नाबाद रहे। इस दौरान उन्होंने चार चौके और तीन छक्के लगाए। आखिर में मयंक कुमार ने 13 गेंदों में 21 रन की पारी खेलकर यूएई को 170 के पार पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड के लिए मैट हेनरी ने चार ओवर में 37 रन देकर दो विकेट लिए। इसके अलावा लॉकी फर्ग्यूसन और कप्तान मिचेल सैंटनर को भी एक-एक सफलता मिली। ग्लेन फिलिप्स ने भी गेंदबाजी में हाथ आजमाया और दो ओवर में 30 रन देकर एक विकेट चटकाया।
174 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की ओपनिंग जोड़ी ने 16 ओवर में ही मैच खत्म कर दिया।
Updated on:
10 Feb 2026 08:59 pm
Published on:
10 Feb 2026 07:34 pm
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
