
मैच के बाद आपस में भिड़े कुलदीप और हार्दिक ( photo - BCCI)
India vs Pakistan, T20 World Cup 2026: भारत ने रविवार को टी20 विश्व कप 2026 के एक रोमांचक और हाई-वोल्टेज मुकाबले में पाकिस्तान को 61 रनों से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ टीम इंडिया ने सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली और टूर्नामेंट में अजेय रहने का सिलसिला जारी रखा। मैच समाप्त होने के बाद पूरी टीम जश्न मना रही थी, लेकिन मैदान पर एक अनपेक्षित घटना ने सुर्खियां बटोरी, स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या और स्पिनर कुलदीप यादव के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
यह विवाद पाकिस्तान की पारी के 18वें ओवर में शुरू हुआ। हार्दिक पंड्या गेंदबाजी कर रहे थे और बल्लेबाज शाहीन अफरीदी सामने थे। ओवर की दूसरी गेंद पर हार्दिक ने शॉर्ट-पिच गेंद फेंकी, जिसे शाहीन ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की। गेंद सीधे काउ कॉर्नर पर खड़े कुलदीप यादव के पास पहुंची। यह एक आसान कैच था, लेकिन कुलदीप ने इसे टपका दिया। इतना ही नहीं, गेंद उनके हाथ से छिटककर बाउंड्री पार कर छक्के के लिए चली गई। इस गलती से हार्दिक काफी निराश दिखे, हालांकि उस समय उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी।
हार्दिक का गुस्सा असल में तब फूटा, जब तीन गेंद बाद उन्होंने उस्मान तारिक को आउट कर पाकिस्तान की पारी को मात्र 114 रनों पर समेट दिया। विकेट गिरते ही टीम जश्न मनाने के लिए इकट्ठा हुई, लेकिन हार्दिक सीधे कुलदीप की ओर मुड़े और कैच छोड़ने की गलती पर उन्हें जमकर फटकार लगाने लगे। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि हार्दिक काफी आक्रामक लहजे में बात कर रहे थे, जबकि कुलदीप के चेहरे पर मायूसी और उदासी साफ झलक रही थी।
बाकी खिलाड़ियों ने बीच-बचाव किया और हार्दिक को शांत करने की कोशिश की, ताकि जीत के इस खुशी के माहौल में विवाद ज्यादा न बढ़े। इसी बीच कुलदीप कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी काफी नाराज नजर आए। मैच के बाद जब सभी खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिला रहे थे और गले मिल रहे थे, तब कुलदीप गुस्से में आगे बढ़े, सूर्या को जल्दी से गले लगाया और फिर झटके से अलग हो गए। इसके बाद उन्होंने कप्तान को नजरअंदाज करते हुए वहां से चले गए। सूर्या ने हैरानी से उन्हें देखा और कुछ कहा भी। यह पूरा सीन भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कोलंबो में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट खोकर 175 रन बनाए। टीम इंडिया के लिए ईशान किशन ने 40 गेंदों में 3 छक्कों और 10 चौकों के साथ 77 रन की पारी खेली, जबकि कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 32 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। इसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 18 ओवरों में महज 114 रन पर सिमट गई। पाकिस्तान की तरफ से उस्मान खान ने 34 गेंदों में 44 रन की पारी खेली, जबकि शाहीन अफरीदी ने 23 रन का योगदान टीम के खाते में दिया।
Published on:
16 Feb 2026 07:41 am
बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
