भारत, May 27, 2026

सनराइजर्स हैदराबाद बनाम राजस्थान रॉयल्स मैच का नजारा। (फोटो सोर्स: IANS)
IPL 2026 Eliminator SRH vs RR: आईपीएल 2026 में आज बुधवार को मुल्लानपुर के महाराजा यादविन्द्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में एलिमिनेटर मुकाबला खेला जाएगा। अब तक एक-एक खिताब जीतने वाली राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद इस मैच में आमने-सामने होंगी और क्वालीफायर-2 का टिकट हासिल करना चाहेंगी। इस सीजन के पहले हाफ में टॉप पर रहने वाली रियान पराग एंड कंपनी पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर रही। जबकि पैट कमिंस की टीम ने दूसरे हाफ में शानदार वापसी करते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। अब यह देखना दिलचस्प होगी कि ये दोनों टीमें प्लेऑफ्स में कैसा प्रदर्शन करती हैं और अब तक कौन सी टीम प्लेऑफ में ज्यादा घातक हो जाती है?
2008 में आईपीएल की पहली चैंपियन राजस्थान रॉयल्स अभी भी अपना दूसरा खिताब जीतने का इंतजार कर रही है। इस सीजन में अच्छी शुरुआत के बावजूद राजस्थान को प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए लीग स्टेज के आखिरी दिन तक इंतजार करना पड़ा। यह आईपीएल में छठी बार है, जब राजस्थान ने प्लेऑफ में जगह बनाई है। वहीं, राजस्थान के ओवरऑल प्लेऑफ पर नजर डालें, तो उसने अब तक 11 मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ पांच जीते हैं और छह हारे हैं।
संजू सैमसन के चेन्नई सुपर किंग्स में जाने के बाद रियान पराग के कप्तानी संभालने के साथ राजस्थान रॉयल्स एक नई टीम है। उसके पास 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के रूप में सबसे मजबूत हथियार है, जो अकेले मैच का रुख बदल सकता है। वहीं, गेंदबाज के रूप में जोफ्रा आर्चर हैं, जिन्होंने अपने दम पर कई मैच जिताए हैं। इस बार आरआर अपने 17 साल के टाइटल के सूखे को खत्म करना चाहेगी।
दिलचस्प बात यह है कि एसआरएच आईपीएल इतिहास की अकेली ऐसी फ्रेंचाइजी है, जिसने एलिमिनेटर खेलने के बाद टाइटल जीता है। उसने 2016 में डेविड वॉर्नर की कप्तानी में यह कारनामा किया था, जिसमें उसने एलिमिनेटर में कोलकाता नाइट राइडर्स को, क्वालीफायर 2 में गुजरात लायंस को और फिर फाइनल में आरसीबी को हराया था।
यह आईपीएल में 8वीं बार है, जब हैदराबाद ने प्लेऑफ में जगह बनाई है। वहीं, उसके ओवरऑल प्लेऑफ पर नजर डालें, तो उसने अब तक 14 प्लेऑफ मैच खेले हैं, जिसमें सिर्फ छह जीते हैं और आठ हारे हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की बात करें तो 2025 के खराब सीजन के बाद इस बार उसने दूसरे हाफ में मजबूत वापसी की है। उसने इस सीजन अपने पहले चार मैचों में से सिर्फ एक जीता था। अब दूसरे हाफ में अभिषेक शर्मा, ट्रैविस हेड, हेनरिक क्लासेन और ईशान किशन ने एसआरएच को सबसे खतरनाक बैटिंग टीम बना दिया।
इतना ही नहीं सनराइजर्स को ईशान मलिंगा, साकिब हुसैन और प्रफुल्ल हिंगे के रूप में अपने बॉलिंग प्लान भी मिल गए। पैट कमिंस के आने से टीम पर भी वाकई शानदार असर पड़ा है।
संबंधित विषय:
Updated on: 27 May 2026 07:22 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।