
बांग्लादेश क्रिकेट टीम (फोटो- IANS)
टी20 वर्ल्डकप 2026 का आयाजन बांग्लादेश के बिना ही होगा? ये सवाल अब क्रिकेट के गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। बांग्लादेश अपनी क्रिकेट टीम को भारत न भेजने पर अड़ी हुई है और दूसरी ओर ICC वेन्यू बदलने से साफ मना कर चुका है। ऐसे में अब लग रहा है कि टी20 वर्ल्डकप का आयोजन इस टीम के बिना ही होगा। बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने गुरुवार को बताया कि बांग्लादेश के आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में खेलने की गुंजाइश नहीं है।
बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए आईसीसी से अनुरोध किया था कि उसके वर्ल्डकप के मैच भारत के बजाय किसी अन्य वेन्यू पर शिफ्ट किए जाएं, लेकिन आईसीसी ने इस डिमांड को खारिज कर दिया था। आसिफ ने बांग्लादेश टीम के खिलाड़ियों और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अधिकारियों के साथ गुरुवार को एक मीटिंग के बाद पत्रकारों से कहा, "हमारे फैसले को बदलने की कोई गुंजाइश नहीं है। हमें ICC से न्याय नहीं मिला। हालांकि, हमें अब भी उम्मीद है कि ICC हमारे साथ न्याय करेगा। भारत में सुरक्षा की स्थिति जस की तस बनी हुई है।"
उन्होंने कहा, "हम श्रीलंका में खेलने की अपनी योजना के साथ आईसीसी के पास वापस जाएंगे। उन्होंने हमें 24 घंटों का अल्टीमेटम दिया था, लेकिन कोई ग्लोबल बॉडी ऐसा नहीं कर सकती। आईसीसी 200 मिलियन लोगों को वर्ल्ड कप देखते हुए मिस कर देगा। यह उनका नुकसान होगा।"
बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ बढ़ती हिंसा के बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को मुस्तफिजुर रहमान को अपनी आईपीएल 2026 टीम से हटाने का आदेश दिया था। आसिफ नजरुल ने कहा, "भारत हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा नहीं दे सका। उस देश में, क्रिकेट बोर्ड सरकार का ही एक हिस्सा है, जो दबाव में आने पर हमारे एक क्रिकेटर को सुरक्षा देने में या तो नाकाम रहा या हिचकिचाया।" उल्लेखनीय है कि बुधवार को आईसीसी ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि आगामी वर्ल्ड कप में बांग्लादेश के मुकाबले पूर्व नियोजित कार्यक्रम के अनुसार भारत में ही खेले जाएंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, बांग्लादेश की टीम 7 फरवरी को वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इसके बाद 9 फरवरी को यह टीम इटली के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। 14 फरवरी को इस टीम का सामना इंग्लैंड से होगा। यह तीनों मुकाबले कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेले जाने हैं। इसके बाद 17 फरवरी को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में बांग्लादेश का सामना नेपाल से होगा। बांग्लादेश के इस इवेंट से हटने पर स्कॉटलैंड को फायदा होगा। यह टीम फिलहाल 14वें पायदान पर है, जो टी20 वर्ल्ड कप 2026 में क्वालीफाई न करने वालों में सबसे ऊंची रैंक वाली टीम है। टी20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से 8 मार्च के बीच भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में खेला जाना है।
Updated on:
22 Jan 2026 05:56 pm
Published on:
22 Jan 2026 05:55 pm

बड़ी खबरें
View Allक्रिकेट
खेल
ट्रेंडिंग
T20 वर्ल्ड कप
