
चित्रकूट में सपा नेता का हाई-वोल्टेज ड्रामा
Chitrakoot News SP leader Misbehaved with Police: चित्रकूट में सपा नेता द्वारा दरोगा के साथ बीच सड़क बदसलूकी करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि नेता ने ऑन ड्यूटी दरोगा का कॉलर पकड़ लिया और गालियां देने लगा। वह धक्का-मुक्की करता रहा और कहता रहा कि मुझे आतंकवादी बनाने की कोशिश मत करो। थाने में बुलाओगे, बैठाकर रखोगे। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दरोगा के साथ अन्य पुलिसकर्मी भी मौजूद हैं।
वीडियो में दिख रहा है कि मौके पर चार पुलिसकर्मी मौजूद थे। एक पुलिसकर्मी घटना का वीडियो बना रहा था, जबकि दूसरा बीच-बचाव की कोशिश कर रहा था। इसके बावजूद आरोपी के चेहरे पर कोई डर नहीं दिखा। वह लगातार दरोगा से उलझता रहा। बताया जा रहा है कि काफी देर तक सड़क पर हंगामा चलता रहा। आसपास के लोग भी तमाशा देखते रहे। बाद में पुलिस ने किसी तरह स्थिति को काबू में किया।
पुलिस के अनुसार, एक सप्ताह पहले सपा नेता के खिलाफ मारपीट का मुकदमा दर्ज किया गया था। उस मामले में पीड़ित दरोगा ही जांच अधिकारी (आईओ) हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी दरोगा पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहा था, ताकि जांच को प्रभावित किया जा सके। आरोपी के खिलाफ पहले से भी कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने उसे दबंग किस्म का युवक बताया है। बता दें कि आरोपी दद्दू यादव सपा से जुड़ा है। पहले भौरी से विधानसभा प्रभारी रह चुका है।
यह घटना शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे की है। मामला जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर रैपुरा थाना क्षेत्र के भौंरी चौराहे का है। दरोगा सुभाष राम एक मारपीट के मामले की जांच के सिलसिले में कृषक इंटर कॉलेज के पास पहुंचे थे। वहीं पर भौंरी गांव निवासी दद्दू यादव अपने भाई चुनबद्दा यादव के साथ एक दुकान पर बैठा था। दद्दू यादव सपा से जुड़ा बताया जा रहा है और चुनाव के दौरान काफी सक्रिय रहता है। जब दरोगा ने उससे पूछताछ शुरू की और थाने चलने को कहा, तो वह भड़क गया। उसने दरोगा का कॉलर पकड़ लिया और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद धक्का-मुक्की भी की।
घटना की जानकारी मिलते ही रैपुरा थाना प्रभारी आशुतोष तिवारी अन्य पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि उन्होंने आरोपी को पकड़ने के बजाय पहले उसे समझाने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी लगातार दरोगा से बदसलूकी करता रहा। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने हालात को संभाला। बाद में दरोगा की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के मुताबिक, 19 फरवरी को दद्दू यादव और उसके भाई ने मिलकर मोहम्मद इदरीश नाम के व्यक्ति की पिटाई की थी। उस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। उसी मामले की जांच दरोगा सुभाष राम कर रहे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Published on:
28 Feb 2026 02:07 pm
बड़ी खबरें
View Allचित्रकूट
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
