14 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खजुराहो में स्काई डाइविंग फेस्टिवल का आयोजन 20 से 26 फरवरी तक

स्काई डाइविंग की लैंडिंग के लिए दतला हिल क्षेत्र को ड्रॉप जोन के रूप में निर्धारित किया गया है। यहां से पर्यटक लगभग दस हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर खजुराहो की ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य को एक नए और रोमांचक नजरिये से देख सकेंगे।

2 min read
Google source verification
sky diving

स्काई डाइविंग

10 हजार फीट ऊंचाई से स्काई डाइविंग, 30 हजार लगेगी फीस,जीएसटी अलग से देना होगा

प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन गतिविधियों में विविधता लाने के उद्देश्य से मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा खजुराहो में स्काई डाइविंग फेस्टिवल का आयोजन किया जा रहा है। यह फेस्टिवल 20 से 26 फरवरी 2026 तक 52वें खजुराहो नृत्य महोत्सव के दौरान आयोजित होगा। स्काई डाइविंग गतिविधि खजुराहो एयरपोर्ट से संचालित की जाएगी।

दतला हिल्स में बनेगा ड्रॉप जोन

स्काई डाइविंग की लैंडिंग के लिए दतला हिल क्षेत्र को ड्रॉप जोन के रूप में निर्धारित किया गया है। यहां से पर्यटक लगभग दस हजार फीट की ऊंचाई से छलांग लगाकर खजुराहो की ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सौंदर्य को एक नए और रोमांचक नजरिये से देख सकेंगे। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देश पर नगर परिषद द्वारा ड्रॉप जोन का समतलीकरण कराया गया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक सुरक्षा निर्देश भी दिए गए हैं।

आधुनिक और सुरक्षित रहेगी स्काई डाइविंग

स्काई डाइविंग गतिविधि का संचालन गोफोर्थ एडवेंचर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जाएगा। यह संस्था नागरिक उड्डयन महानिदेशालय और यूनाइटेड स्टेट्स पैराशूट एसोसिएशन के मानकों के अनुरूप प्रमाणित है। स्काई डाइविंग के लिए विशेष रूप से संशोधित सेसना एक सौ बयासी पी विमान का उपयोग किया जाएगा, जिसमें कुल छह लोगों की क्षमता होगी। एक समय में दो प्रतिभागी प्रशिक्षित प्रशिक्षक के साथ स्काई डाइविंग कर सकेंगे। पूरी गतिविधि अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा मानकों के अनुसार संचालित की जाएगी।

सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा संचालन

स्काई डाइविंग के लिए शुल्क लगभग तीस हजार रुपए निर्धारित किया गया है, जिसमें जीएसटी अतिरिक्त होगा। यह गतिविधि प्रतिदिन सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक संचालित होगी। इच्छुक प्रतिभागी ऑनलाइन बुकिंग के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। फेस्टिवल के दौरान बड़ी संख्या में देश और विदेश से साहसिक खेलों के शौकीन लोगों के शामिल होने की संभावना है।

साहसिक पर्यटन को मिलेगा नया आयाम

मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने बताया कि प्रदेश में साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। उज्जैन के बाद अब खजुराहो में भी पर्यटक स्काई डाइविंग का अनुभव ले सकेंगे। खजुराहो नृत्य महोत्सव देखने आने वाले दर्शकों के लिए यह आयोजन अतिरिक्त आकर्षण साबित होगा। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं और पर्यटकों को नए अनुभव देना और प्रदेश में साहसिक पर्यटन को नई पहचान दिलाना है।