30 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

भारत, Jan 27, 2026

सोने-चांदी में रिकॉर्ड तेजी, Gold पहली बार 5000 डॉलर के पार पहुंचा, कीमतों में क्यों लग रही आग?

Gold crosses $5000 per ounce: अंतर्राष्ट्रीय बाजार में सोने की कीमत 5 हजार डॉलर प्रति औंस के पार निकल गई है। चांदी के दाम में भी उछाल देखने को मिला है।

Gold price hits record high

सोने और चांदी की कीमतों में फिर उछाल आया है। (PC: AI)

Gold Silver Price Update: सोने और चांदी की चमक लगातार निखरती जा रही है। घरेलू बाजार में जहां गोल्ड डेढ़ लाख के आंकड़े को पार कर गया है। वहीं, अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसने पहली बार 5000 डॉलर प्रति औंस की ऊंचाई को छूआ है। चांदी भी अपनी रफ्तार से सभी को चौंका रही है। सिल्वर 110 डॉलर प्रति औंस के पार चली गई है। घरेलू मार्केट में इसकी कीमत तेजी से 4 लाख की तरफ बढ़ रही है। चांदी बड़ी छलांग लगाने के लिए पहचानी जाती है, ऐसे में अगर अगले कुछ दिन में ही यह 4 लाख प्रति किलो की ऐतिहासिक ऊंचाई पर पहुंच जाए तो कोई आश्चर्य नहीं होगा।

Trump के चलते भड़के दाम

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) के आक्रामक रुख के चलते सोने में निवेश बढ़ रहा है। अमेरिका और ईरान में तनाव फिर से बढ़ने की आशंका है। इसके अलावा, यूरोपीय देशों से ट्रंप की तनातनी भी सोने-चांदी (Gold Silver Price) में निवेश को बढ़ावा दे रही है। डॉलर की कमजोरी भी निवेशकों को गोल्ड पर अधिक भरोसा करने के लिए प्रेरित कर रही है। निवेशक सॉवरेन बॉन्ड और करेंसी से दूर भाग रहे हैं और गोल्ड में ज्यादा पैसा लगा रहे हैं। मीडिया रिपोर्टस के अनुसार, अमेरिकी करेंसी इंडेक्स बीते छह सत्रों में लगभग 2% गिर गया है। दरअसल, कहा जा रहा है कि अमेरिका येन को बढ़ावा देने की कोशिशों में जापान की मदद कर सकता है। इससे फेडरल रिजर्व की आजादी और ट्रंप की अनिश्चित पॉलिसी बनाने को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं।

इस साल अब तक 17% रिटर्न

गोल्ड ने इस साल अब तक 17% से अधिक रिटर्न दिया है, जो दर्शाता है कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उथल-पुथल से कीमतें इतनी तेजी से ऊपर चढ़ रही हैं। वेनेज़ुएला पर अमेरिकी हमला, ग्रीनलैंड पर कब्जे की कोशिश, ईरान विवाद और अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेड रिजर्व के प्रमुख के साथ डोनाल्ड ट्रंप का विवाद, कुछ ऐसी घटनाएं हैं, जिनसे गोल्ड-चांदी में निवेश बढ़ा है। ट्रंप ने कनाडा को भी धमकी दी कि अगर उसने चीन के साथ ट्रेड डील को अंजाम दिया, तो 100% टैरिफ का सामना करना होगा। कमोडिटी एक्स्पर्ट्स का कहना है कि दुनिया के लिए आगे आने वाला समय और भी मुश्किल भरा हो सकता है। ऐसी स्थिति में निवेशक सुरक्षित निवेश के साधन तलाशते हैं और गोल्ड उनकी इस तलाश को पूरा करता है।

आगे भी तेजी का अनुमान

सोने और चांदी की वर्तमान कीमत पर भी एक नजर डाल लेते हैं। गुड रिटर्न्स के अनुसार, 24 कैरेट वाला 10 ग्राम सोना इस समय 1,61,960 रुपए के भाव पर मिल रहा है। जबकि चांदी 3,60,100 प्रति किलो के भाव पर उपलब्ध है। इंटेलिजेंस और प्रोडक्टिविटी प्लेटफॉर्म ग्लोबलडेटा का अनुमान है कि 2026 के आखिर तक सोना 1.75 लाख से 1.95 लाख प्रति 10 ग्राम तक पहुंच सकता है। जबकि चांदी 3.80 लाख से 4.60 लाख प्रति किलोग्राम का आंकड़ा छू सकती है। गोल्ड-सिल्वर ने पूर्व के कई अनुमानों को समय से पहले पूरा किया है। ऐसे में यह भी संभव है कि सोना अगले कुछ महीनों में ही 2 लाख और चांदी 4 लाख का आंकड़ा पार कर जाए।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें