भारत, Jun 07, 2026

घरेलू LPG के दामों में हुआ इजाफा (Phopto-IANS)
LPG Cylinder Price Hike: आम जनता को महंगाई का एक और झटका लगा है। कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने के बाद अब घरेलू रसोई गैस (LPG) सिलेंडर के दाम में इजाफा हुआ है। घरेलू गैस सिलेंडर पर 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। पिछले तीन महीनों में यह दूसरी बार है जब घरेलू LPG के दाम बढ़ाए गए हैं। नई दरें रविवार, 7 जून से लागू हो गई हैं। राजधानी दिल्ली में अब 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत 913 रुपये से बढ़कर 942 रुपये हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़े असर के चलते LPG की लागत बढ़ी है। इससे पहले मार्च में भी घरेलू रसोई गैस के दाम 60 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ाए गए थे, जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में उछाल आया था।
घरेलू LPG की कीमतों में हुई यह बढ़ोतरी तेल कंपनियों को हो रहे नुकसान की केवल आंशिक भरपाई कर पाएगी। बताया जा रहा है कि ताजा संशोधन से पहले सरकारी तेल विपणन कंपनियों को हर घरेलू LPG सिलेंडर पर करीब 703 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा था।
बता दें कि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये प्रति सिलेंडर की बढ़ोतरी के बाद देश के कई बड़े शहरों में नए रेट लागू हो गए हैं। दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाला घरेलू LPG सिलेंडर अब 913 रुपये की जगह 942 रुपये में मिलेगा।
वहीं, कोलकाता में इसकी कीमत 939 रुपये से बढ़कर 968 रुपये हो गई है। मुंबई में सिलेंडर का दाम 912.50 रुपये से बढ़कर 941.50 रुपये और चेन्नई में 928.50 से बढ़कर 957.50 रुपये कर दिया गया है।
इसके अलावा भोपाल में LPG सिलेंडर की कीमत 918.50 रुपये से बढ़कर 947.50 रुपये, जयपुर में 916.50 से बढ़कर 945.50 रुपये, पटना में 1011 से बढ़कर 1040 रुपये और रायपुर में 984 से बढ़कर 1013 रुपये हो गई है। सभी प्रमुख शहरों में घरेलू LPG सिलेंडर के दामों में समान रूप से 29 रुपये की वृद्धि की गई है।
हालांकि इस बार कमर्शियल एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में इजाफा नहीं हुआ है। इससे पहले 1 जून को 42 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी। इससे पहले भी लगातार कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में इजाफा देखने को मिल रहा है।
वहीं लगातार बढ़ रही LPG कीमतों का असर सीधे आम उपभोक्ताओं के घरेलू बजट के साथ-साथ होटल और रेस्तरां कारोबार पर भी पड़ने की संभावना है।
Published on: 07 Jun 2026 06:49 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।