हिण्डोली. राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय सथूर क्रमोन्नति के 4 वर्ष बाद भी व्याख्याता व सैकंड ग्रेड का स्टाफ नहीं मिलने से यहां की 12 वीं तक की कक्षाएं मात्र 5 थर्ड ग्रेड के शिक्षिकाओं के भरोसे संचालित हो रही है। यहां पर 12वीं कक्षा संचालित हुए 2 वर्ष हो गए, लेकिन राज्य सरकार द्वारा व्याख्याता व सैकंड ग्रेड अध्यापक नहीं लगाए हैं।
जानकारी अनुसार तत्कालीन कांग्रेस सरकार द्वारा वर्ष 2021 में राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय सथूर को उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत कर दिया था।
उसके बाद से ही यहां पर प्रारंभिक शिक्षा का स्टाफ लगा हुआ था, जो आज तक वहीं कार्य कर रहा है। अभिभावकों व छात्रों को यहां पर माध्यमिक सेटअप का स्टाफ लगने की उम्मीद थी। लेकिन 4 वर्ष से एल वन व एल टू की अध्यापिकाए लगी थी। एक एल टू की अध्यापिका अनीता जोशी के पास जिम्मेदारी थी। उसके बाद भी परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत रहा। यहां से एक छात्रा मेरिट में आई थी।
गत वर्ष यहां पर प्रधानाचार्य तो लगा दिया, लेकिन कक्षा 9 से 12वीं तक पढ़ाने वाले सेकंड ग्रेड व व्याख्याता नहीं लगाए हैं, जिससे छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
थर्ड ग्रेड शिक्षिकाएं पढ़ा रही
विद्यालय के आधिकारिक सूत्रों की माने तो यहां पर कुल पांच एल वन व एल टू के शिक्षिका लगी हुई है। वहीं कक्षा 1 से 12वीं तक छात्र-छात्राओं को वे ही पढ़ा रहे हैं। सूत्रों का मानना है कि यहां पर कक्षा नवी से 12वीं तक के छात्रों को पढ़ाने के लिए शिक्षकों को काफी मेहनत करनी पड़ रही है ।
230 छात्राएं अध्ययनरत
कक्षा 1 से 12वीं तक करीब 230 से अधिक छात्राएं अध्यनरत है। आसपास बालिका विद्यालय नहीं होने के कारण सथूर पंचायत के अभिभावक छात्राओं को इसी विद्यालय में पढ़ा रहे हैं, लेकिन शिक्षकों की कमी से अध्ययन कार्य प्रभावित हो रहा है।
शिक्षा मंत्री को दे चुके ज्ञापन
सथूर के भाजपा नेता मुकेश कोटवाल ने बताया कि गत वर्ष प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ग्राम सथूर में तेजाजी के मेले में भाग लेने आए थे। जहां पर ग्रामीणों व अभिभावकों ने विद्यालय में व्याख्याता व सेकंड ग्रेड अध्यापक लगाने को लेकर ज्ञापन दिया था, लेकिन एक वर्ष बाद भी यहां पर माध्यमिक शिक्षा का एक भी शिक्षक नहीं लगा है।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सथूर में कक्षा 1 से 12वीं तक के स्टाफ को थर्ड ग्रेड के शिक्षक पढ़ा रहे हैं। व्याख्याता व सेकंड ग्रेड के पद रिक्त हैं। राज्य सरकार नियुक्ति देने के बाद ही स्टाफ लग सकेगा।
जय लाल मीणा, पीईईओ, रा. उच्च माध्यमिक विद्यालय सथूर।
Published on:
04 Aug 2025 11:54 am