
नैनवां। बम्बूली गांव नैनवां-इंदरगढ़ मार्ग पर जाम लगाकर खड़े ग्रामीण
नैनवां. उपखण्ड के बम्बूली गांव में निर्माणाधीन सीसी सड़क के बीच में एक स्थान पर नाली निर्माण को लेकर शुक्रवार को ग्रामीणों ने बम्बूली गांव में नैनवां-इंद्रगढ़ मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना पर सार्वजनिक निर्माण, पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने के बाद भी ग्रामीणों ने जाम नहीं हटाया, जिससे नैनवां-इंदरगढ़ मार्ग दिनभर बंद रहा।
सार्वजनिक निर्माण विभाग के माध्यम से एनएच 148 डी के समरावता मोड़ से बम्बूली-जरखोदा-करवर वाया आंतरदा तक घोषित मेजर डिस्ट्रीक रोड की चौड़ाई बढाने का कार्य चल रहा है, जिसके तहत बम्बूली गांव में सीसी सड़क का कार्य चल रहा है।
सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा पानी की निकासी के सड़क के दोनों तरफ नालियां प्रस्तावित कर रखी है। जबकि गांव के कुछ लोग सड़क के बीच ही एक स्थान पर नाली का निर्माण कराए जाने की मांग करते हुए शुक्रवार सुबह दस बजे बम्बूली गांव में नैनवां-इंद्रगढ़ मार्ग पर रस्से बांध व अन्य अवरोध डालकर जाम लगा दिया। जाम लगाते ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई।
जाम की सूचना पर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिराम मीणा, कनिष्ठ अभियंता अश्विनी बेनीवाल व थाने से ड्यूटी ऑफिसर सूरजमल मीणा मय जाप्ते के बम्बूली गांव पहुंचे। जाम लगा रहे लोगों को जाम हटाने के लिए समझाया लेकिन ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नही हुए। दो घण्टे की समझाइश के बाद भी अधिशासी अभियंता व पुलिस जाप्ता वापस लौट गया।
दोपहर दो बजे तहसीलदार रामराय मीणा व अधिशासी अभियंता ग्रामीणों को समझाने पहुंचे। ग्रामीणों ने अधिकारियों से कहा कि पहले सड़क के बीच नाली निकालो उसके बाद ही जाम हटाया जाएगा। दूसरी बार की समझाइश के बाद भी ग्रामीण जाम हटाने को तैयार नही हुए तो तहसीलदार व अधिशासी अभियंता वापस लौट गए।
नालियां बनाना प्रस्तावित
सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हरिराम मीणा ने बताया कि पानी की निकासी के समाधान के लिए सड़क के दोनों ओर नालियां बनाना प्रस्तावित है। लेकिन ग्रामीण सड़क पर एक स्थान पर बीच में ही नाली बनाने को कह रहे है। ग्रामीण जिस तरह से नाली बनाने को कह रहे उससे पूरे पानी की निकासी नहीं हो पाएगी। शाम तक भी ग्रामीणों ने जाम नहीं हटाया। स्थिति से प्रशासन को अवगत करा दिया।
अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करेंगे
तहसीलदार रामराय मीणा ने बताया कि ग्रामीणों को समझाने के बाद भी जाम नहीं हटाया। सीमाज्ञान करवाकर सड़क के दोनों ओर हो रहे अतिक्रमणों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
13 Feb 2026 06:08 pm
बड़ी खबरें
View Allबूंदी
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
