
Prakash Raj-Deepika Padukone (सोर्स- एक्स)
Prakash Raj Out From Spirit After Deepika Padukone: तेलुगु और हिंदी सिनेमा की मच अवेटेड फिल्मों में शुमार 'स्पिरिट' एक बार फिर सुर्खियों में है। वजह है इस फिल्म से दिग्गज अभिनेता प्रकाश राज का अचानक बाहर होना। प्रभास स्टारर और कबीर सिंह तथा एनिमल जैसी चर्चित फिल्मों के निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा की इस मेगा प्रोजेक्ट को लेकर शुरुआत से ही जबरदस्त उत्साह था, लेकिन अब सेट से आई खबरों ने फिल्म के समीकरण को हिला कर रख दिया है।
'ओटीटी प्ले' से जुड़े सूत्रों के मुताबिक प्रकाश राज और निर्देशक संदीप रेड्डी वांगा के बीच शूटिंग के दौरान रचनात्मक मतभेद इतने बढ़ गए कि बात तीखी बहस तक पहुंच गई। इंडस्ट्री से जुड़े सूत्रों के अनुसार, विवाद फिल्म की स्क्रिप्ट और एक खास सीन को लेकर हुआ, जहां दोनों की सोच एक-दूसरे से टकरा गई। वांगा अपने विजन पर अड़े रहे, जबकि प्रकाश राज किरदार की गहराई और ट्रीटमेंट को लेकर सवाल उठा रहे थे।
स्पिरिट के लॉन्च के समय प्रकाश राज की मौजूदगी ने फैंस की उत्सुकता और बढ़ा दी थी। माना जा रहा था कि वो फिल्म में एक मजबूत और असरदार किरदार निभाने वाले हैं। शुरुआती प्रमोशन में उनकी झलक से यह साफ था कि रोल कहानी के लिए बेहद अहम है। ऐसे में उनका बाहर होना मेकर्स के लिए भी आसान फैसला नहीं रहा होगा।
सूत्रों की मानें तो कुछ मौकों पर प्रकाश राज का रवैया भी प्रोडक्शन टीम को रास नहीं आया। रिहर्सल और सीन की व्याख्या को लेकर लगातार असहमति की खबरें सामने आईं। आखिरकार मेकर्स ने कड़ा फैसला लेते हुए उन्हें फिल्म से हटाने का मन बना लिया। हालांकि, इस पूरे मामले पर अब तक न तो प्रकाश राज और न ही फिल्म की टीम की ओर से कोई आधिकारिक बयान आया है।
प्रकाश राज के बाहर होने से स्पिरिट की शूटिंग पर असर पड़ना तय माना जा रहा है। चर्चा है कि उनके साथ शूट किए गए कुछ सीन अब दोबारा फिल्माने पड़ सकते हैं, जिससे प्रोडक्शन शेड्यूल में बदलाव संभव है। हैदराबाद में चल रही शूटिंग फिलहाल जारी है, लेकिन पर्दे के पीछे बड़े बदलावों की तैयारी चल रही है।
ये पहली बार नहीं है जब स्पिरिट की कास्ट में बदलाव हुआ हो। इससे पहले दीपिका पादुकोण के फिल्म छोड़ने की खबरों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शेड्यूल और वर्किंग आवर्स को लेकर सहमति न बनने के बाद उनकी जगह तृप्ति डिमरी को फीमेल लीड के तौर पर कास्ट किया गया। अब प्रकाश राज के बाहर होने से फिल्म की टीम एक बार फिर चर्चा में आ गई है।
इन तमाम उतार-चढ़ाव के बावजूद 'स्पिरिट' को लेकर उम्मीदें कम नहीं हुई हैं। फिल्म में प्रभास एक सख्त और ईमानदार पुलिस अफसर की भूमिका में नजर आएंगे, जबकि विवेक ओबेरॉय मुख्य विलेन का किरदार निभा रहे हैं। मेकर्स का लक्ष्य है कि यह एक हाई-ऑक्टेन एक्शन ड्रामा बने, जो दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींच लाए। फिलहाल फिल्म की रिलीज मार्च 2027 के लिए तय मानी जा रही है।
Published on:
09 Feb 2026 01:42 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
