मुंबई, May 24, 2026

हेमा मालिनी और संजीव कुमार ब्रेकअप
Sanjeev Kumar Hema Malini relationship history: बॉलीवुड के 'ही-मैन' धर्मेंद्र और 'ड्रीम गर्ल' हेमा मालिनी की प्रेम कहानी से तो हर कोई वाकिफ है, लेकिन धर्मेंद्र की जिंदगी में आने से पहले हेमा मालिनी का दिग्गज अभिनेता संजीव कुमार के साथ एक बेहद गंभीर रिश्ता था। एक समय था जब दोनों शादी के बंधन में बंधने वाले थे, लेकिन एक ऐसी शर्त सामने आई जिसने इस खूबसूरत रिश्ते को हमेशा-हमेशा के लिए खत्म कर दिया। इस ब्रेकअप का असर न सिर्फ दोनों की निजी जिंदगी पर पड़ा, बल्कि फिल्मी सेट पर भी इसके कारण भारी तनाव देखने को मिला था।
मशहूर जीवनी लेखक हनीफ जावेरी के अनुसार, संजीव कुमार और हेमा मालिनी के बीच नजदीकियां साल 1972 में आई ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सीता और गीता' के सेट पर बढ़ी थीं। पर्दे पर दोनों की केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया था। बात इतनी आगे बढ़ चुकी थी कि फिल्म 'शोले' की शूटिंग के दौरान भी संजीव कुमार, हेमा से शादी करने की उम्मीद लगाए बैठे थे। उन्होंने हेमा के परिवार से मिलकर शादी की गंभीर बातचीत भी की थी।
लेकिन पेच तब फंसा जब हेमा मालिनी की मां ने संजीव कुमार के सामने शर्त रखी कि शादी के बाद भी मेरी बेटी फिल्मों में काम करना नहीं छोड़ेगी और एक साधारण गृहिणी बनकर नहीं रहेगी। हेमा मालिनी उस समय अपने करियर के चरम पर थीं और अपने काम को अपनी आत्मा मानती थीं, इसलिए उनकी मां ने साफ इनकार कर दिया था। वहीं संजीव कुमार चाहते थे कि हेमा मालिनी घर संभाले और एक्टिंग छोड़ दे। सालों बाद एक इंटरव्यू में हेमा ने संजीव कुमार की इस सोच को "पुरुषवादी" बताया था और कहा कि वह खुद को सिर्फ एक गृहिणी के रूप में कभी नहीं देख सकती थीं।
इस ब्रेकअप ने संजीव कुमार को अंदर से पूरी तरह तोड़ दिया था। संजीव कुमार इस कदर आहत थे कि उन्होंने बाद की फिल्मों में हेमा मालिनी के साथ क्लोज-अप या आमने-सामने के सीन करने से भी परहेज करना शुरू कर दिया था।
बात सिर्फ यहीं खत्म नहीं हुई। जब हेमा मालिनी की जिंदगी में धर्मेंद्र की एंट्री हुई, तो यह लव ट्रायंगल और पेचीदा हो गया। खबरों की मानें तो फिल्म 'अपने दुश्मन' की शूटिंग के दौरान धर्मेंद्र ने संजीव कुमार के साथ एक ही फ्रेम में कैमरे का सामना करने से साफ मना कर दिया था। इस वजह से डायरेक्टर को दोनों अभिनेताओं के सीन्स को अलग-अलग शूट करना पड़ा था।
संजीव कुमार ने इस टूटे रिश्ते के बाद कभी शादी नहीं की। वह जवानी के दिनों से ही दिल की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, जिसके कारण 30 साल की उम्र में ही उन्हें पहला दिल का दौरा पड़ा था। साल 1985 में महज 47 साल उम्र में दिल की बीमारी के कारण उनका निधन हो गया।
दूसरी तरफ, हेमा मालिनी ने तमाम विवादों के बावजूद साल 1980 में धर्मेंद्र से शादी कर ली, जो पहले से ही शादीशुदा थे। दोनों की जोड़ी बॉलीवुड की सबसे सफल जोड़ियों में गिनी गई। गौरतलब है कि पिछले साल 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में धर्मेंद्र का भी लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था।
Published on: 24 May 2026 02:05 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।