
Shazia Iqbal (सोर्स-एक्स)
Shazia Iqbal Criticizes Ranveer Singh Dhurandhar: बॉलीवुड में इन दिनों रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई करने के बाद अब ये फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर भी धूम मचा रही है। दर्शकों और समीक्षकों से जबरदस्त सराहना मिलने के बीच फिल्म को लेकर एक विवाद भी खड़ा हो गया है, जिसकी वजह बनी हैं धड़क 2 की निर्देशक शाजिया इकबाल।
दरअसल शाजिया इकबाल ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर बिना नाम लिए धुरंधर पर तीखा हमला बोला। उन्होंने फिल्म को लेकर ऐसे शब्दों का इस्तेमाल किया, जिसने इंडस्ट्री और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया और कुछ ही घंटों में मामला वायरल हो गया।
शाजिया के बयान के बाद फिल्म प्रेमियों के बीच बहस छिड़ गई। जहां एक ओर 'धुरंधर' को साल की सबसे दमदार स्पाई थ्रिलर बताया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर निर्देशक की आलोचना ने एक अलग ही बहस को जन्म दे दिया। कई यूजर्स ने शाजिया के बयान को निजी राय बताया, तो कुछ ने इसे फिल्म की लोकप्रियता के खिलाफ प्रतिक्रिया करार दिया।
जैसे ही शाजिया की टिप्पणी तेजी से फैलने लगी, उन्होंने अपना इंस्टाग्राम अकाउंट प्राइवेट कर लिया। पहले उनका अकाउंट सार्वजनिक था, जहां वो अपने विचार और प्रोफेशनल अपडेट्स साझा करती रहती थीं। अकाउंट प्राइवेट होने के बाद ये कयास लगाए जाने लगे कि शायद उन्हें ट्रोलिंग या आलोचना का सामना करना पड़ रहा था या फिर वो इस विवाद से दूरी बनाना चाहती थीं।
आदित्य धर के निर्देशन में बनी धुरंधर ने रिलीज के साथ ही सिनेमाघरों में जबरदस्त शुरुआत की थी। कुछ ही हफ्तों में फिल्म ने 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली और इसके गाने भी चार्टबस्टर साबित हुए। रणवीर सिंह के साथ संजय दत्त, आर. माधवन, अक्षय खन्ना और अर्जुन रामपाल जैसे कलाकारों की मौजूदगी ने फिल्म को और मजबूती दी। ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज के बाद भी यह फिल्म ट्रेंडिंग में बनी हुई है।
दरअसल शाजिया ने अपने पोस्ट में लिखा था- 'कितनी अनर्थ को बढ़ावा देने वाली फिल्म है। ये बात किसी से छिपी नहीं है और न ही ये अनजाने में बनी है। नफरत फैलाना और हिंसा भड़काना तो इस फिल्म के डीएनए में है।'
शाजिया इकबाल ने बॉलीवुड में धड़क 2 के जरिए निर्देशन की शुरुआत की थी। फिल्म को समीक्षकों से सराहना मिली, हालांकि बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन औसत रहा। इससे पहले वह एक शॉर्ट फिल्म का निर्देशन भी कर चुकी हैं, जिसे फिल्म समारोहों में पहचान मिली थी। धुरंधर विवाद के बाद एक बार फिर उनका नाम सुर्खियों में है।
Published on:
02 Feb 2026 01:26 pm

बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
