बिलासपुर, May 23, 2026

कारोबारी रांची से गिरफ्तार (फोटो सोर्स- पत्रिका)
BJP leader Raped: बिलासपुर में राजनीतिक दल से जुड़ी युवती से दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और करोड़ों रुपए की आर्थिक ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने झारखंड के रांची निवासी कारोबारी संजय सिंह के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामला सामने आने के बाद इसकी चर्चा तेज हो गई है।
पीड़िता की शिकायत के अनुसार, उनकी मुलाकात करीब दो वर्ष पहले दिल्ली में कारोबारी रांची निवासी संजय सिंह से हुई थी। उस दौरान आरोपी ने खुद को बड़ा कारोबारी बताते हुए माइनिंग कारोबार में निवेश कराने और मोटा मुनाफा दिलाने का भरोसा दिलाया था।
युवती ने पुलिस को बताया कि दिल्ली आना-जाना होने के दौरान उनकी पहचान संजय सिंह से हुई। आरोपी ने कोल माइंस और माइनिंग कारोबार में निवेश का प्रस्ताव दिया और साझेदारी के नाम पर महिला का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि इसी दौरान दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आरोपी ने भरोसे का फायदा उठाते हुए सितंबर 2025 में दिल्ली में महिला के साथ दुष्कर्म किया।
आरोपी संजय सिंह का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उसने अपने ऊपर लगे दुष्कर्म के आरोपों को झूठा बताया है। वीडियो में संजय सिंह दावा कर रहा है कि 21 मई को पुलिस उसके घर पहुंची थी और उसी दौरान उसे केस की जानकारी मिली। उसने युवती पर ही कोल माइंस निवेश के नाम पर 80 लाख रुपए की ठगी का आरोप लगाया है।
आरोपी का कहना है कि पिछले छह-सात महीनों से उसकी महिला से कोई मुलाकात नहीं हुई थी। उसने यह भी दावा किया कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो महिला ने उसका अकाउंट नंबर लिया और बाद में उसका नंबर ब्लॉक कर दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक मामले में सिर्फ दुष्कर्म ही नहीं, बल्कि बड़े आर्थिक लेनदेन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, आरटीजीएस रिकॉर्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को खंगाल रही है। वहीं, आरोपी द्वारा लगाए गए पलट आरोपों और वायरल वीडियो की भी जांच की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए सिविल लाइन पुलिस ने जांच शुरू की और शुक्रवार को आरोपी संजय सिंह को झारखंड के रांची से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर आर्थिक लेनदेन, निवेश और कथित ब्लैकमेलिंग से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।
यह मामला बेहद हाईप्रोफाइल हो गया है। जिसे लेकर पुलिस हर कदम फूंक-फूंककर रख रही है। अपराध दर्ज होने के बाद आरोपी को पकड़ने तक की जानकारी को गोपनीय रखा गया। इतना ही नहीं, पुलिस विभाग के कई अफसरों और कर्मचारियों तक को इस पूरे प्रकरण की जानकारी नहीं है। पुलिस इस मामले को बेहद संवेदनशील मानकर कार्रवाई कर रही है।
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी लगातार उन्हें ब्लैकमेल करने लगा। महिला ने पुलिस को बताया कि कारोबारी ने अलग-अलग किश्तों में उनसे करीब 2 करोड़ 50 लाख रुपए लिए। रकम आरटीजीएस और अन्य माध्यमों से ट्रांसफर की गई थी। महिला का आरोप है कि आरोपी कैश में निवेश कराने और भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देता रहा, लेकिन जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो उल्टा उन्हें धमकाने और ब्लैकमेल करने लगा। लगातार मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर आखिरकार उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
Updated on: 23 May 2026 01:29 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।