
डूंगर कॉलेज
प्रदेश की सरकारी कॉलेजों को हाईटेक बनाने के लिए स्मार्ट क्लास रूम और आईसीटी लैब तैयार की जाएगी। इनके स्थापित होने से कॉलेजों में डिजिटल शिक्षण को बढ़ावा मिल सकेगा। साथ ही विद्यार्थी की रुचि भी डिजिटल की तरफ बढ़ेगी। परिवर्तित बजट घोषणा 2024-25 के तहत इसको लेकर कॉलेज आयुक्तालय की ओर से बजट भी जारी कर दिया है। इसमें प्रदेश की 153 कॉलेजों में स्मार्ट क्लास तथा बीकानेर की राजकीय डूंगर कॉलेज सहित 35 सरकारी महाविद्यालयों में आईसीटी लैब तैयार की जाएगी।इसके तहत विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में स्मार्ट क्लास रूम और आईसीटी लैब को तैयार करने के लिए 45 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसमें लगने वाले उपकरणों की खरीद के लिए संबंधित कॉलेज प्राचार्यों को गाइड लाइन भी जारी कर दी गई है। कॉलेजों की ओर से इसके लिए समिति का भी गठन कर दिया है। जिनकी देख-रेख में ये तैयार होगी। उम्मीद है जल्द ही इसको लेकर कार्य भी शुरू किया जा सकेगा।
डिजिटल शिक्षण को मिलेगा बढ़ावा
कंप्यूटर तकनीकी से जुड़े असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. अमित व्यास ने बताया कि कॉलेजों में आईसीटी लैब खुलने से तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा मिल सकेगा। साथ कंप्यूटर का बेसिक ज्ञान, प्रैक्टिकल ज्ञान के साथ ही एआई टूल की जानकारी भी बच्चों को आसानी से मिलेगी। वहीं बीबीए और बीसीए के विद्यार्थी भी डेटा एनालिसिस, मशीन लर्निग, क्लाउड कम्प्यूटिंग जैसे विषय की भी जानकारी थ्योरी और प्रैक्टिकल के माध्यम से आसानी से समझ सकेंगे।
आईसीटी लैब में लगेंगे ये उपकरण
राजकीय डूंगर कॉलेज में तैयार होने वाली आईसीटी लैब में अलग-अलग तरह के उपकरण लगाए जाएंगे। इनमें 75 इंच अल्ट्रा एचडी फ्लेट पैनल डिस्प्ले, प्रोसेसर आई5, 16 जीबी रेम, 1 टीबी एसएसडी के साथ की-बोर्ड और माउस (सर्वर), 20 ऑल इन वन पीसी, 20 मॉड्यूलर वर्क स्टेशन विद्यार्थियों के लिए, 20 कुर्सियां, 6 केवीए यूपीएस, 21 हेडफोन सहित अन्य सामान उपलब्ध करवाया जाएगा।
हाइटेक होगी लैब
सरकार की ओर से परिवर्तित बजट में प्रदेश की 35 सरकारी कॉलेजों में आइसीटी लैब खोलने की घोषणा की गई थी। इसमें डूंगर कॉलेज को भी शामिल किया गया था। अब इसको लेकर कॉलेज आयुक्तालय की ओर से बजट भी जारी किया गया है। इसके लिए समिति का गठन किया गया है। इसकी जगह भी चिन्हित कर दी गई है। जल्द से जल्द काम भी शुरू हो जाएगा। इसके अलावा प्रदेश के 153 कॉलेजों में स्मार्ट क्लास रूम भी तैयार होने है। इसमें बीकानेर की 6 सरकारी कॉलेजों को शामिल किया है।
-प्रो. राजेंद्र पुरोहित, प्राचार्य, डूंगर कॉलेज
Published on:
12 Mar 2026 08:58 pm
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
