बीकानेर. राज्य सरकार की ओर से शहरी क्षेत्रों में जरूरतमंदों को रियायती दर पर गर्म, पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के लिए चलाई जा रही अन्नपूर्णा रसोई योजना जरूरतमंदों के लिए सहारा बनी है। बीकानेर जिले की 39 अन्नपूर्णा रसोइयों में सुबह (लंच) के समय अधिक भीड़ देखी जा रही है, जबकि शाम के भोजन (डिनर) में अपेक्षाकृत कम लोग पहुंच रहे हैं। 20 अगस्त 2020 से 20 जून 2025 तक जिलेभर में कुल 1.63 करोड़ लोगों ने अन्नपूर्णा रसोई का लाभ उठाया। इनमें से 89.81 लाख लोगों ने लंच किया, जबकि 74.01 लाख लोगों ने डिनर। यानी, 15.79 लाख लोग अधिक लंच के समय पहुंचे।
नगर निगम क्षेत्र में लंच और डिनर का अंतर और स्पष्ट
निगम क्षेत्र की 30 रसोइयों में कुल 1.41 करोड़ लोगों ने भोजन किया। इनमें से 77.95 लाख लोगों ने लंच और 63.32 लाख लोगों ने डिनर किया। यानी, सिर्फ निगम क्षेत्र में ही 14.62 लाख लोग अधिक दोपहर का भोजन करने पहुंचे।
पांच निकायों में संचालित हैं 39 अन्नपूर्णा रसोइयां
बीकानेर जिले की जिन नगरीय निकायों में यह रसोइयां चल रही हैं, उनमें नगर निगम बीकानेर में 30 रसोइयां, नोखा व श्रीडूंगरगढ़ में 3-3 रसोइयां, देशनोक में 2 और खाजूवाला में 1 रसोई है। वर्तमान में इनमें से 4 रसोइयां संचालन में नहीं हैं।
सेवाभावियों की भी सहभागिता:
इस योजना में भामाशाहों और समाजसेवियों का भी योगदान देखने को मिल रहा है। अब तक 70,699 निशुल्क भोजन पैकेट विभिन्न स्थानों पर वितरित किए गए हैं। इनमें नगर निगम बीकानेर में 56,172, देशनोक 1,800, नोखा 6,882 और श्रीडूंगरगढ़ में 6,845 भोजन पैकेट वितरित किए गए हैं।
थाली की कीमत
प्रति थाली कीमत: 30 रुपए
उपभोक्ता से लिए जाते हैं: 8 रुपए
सरकार देती है सब्सिडी: 22 रुपए
Published on:
25 Jun 2025 09:44 pm