
woman body found water tank lover murder case tattoo identification
MP News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में गुरुवार को पानी की टंकी में बक्से में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। महिला की शिनाख्त उसके हाथ पर बने टैटू के जरिए हुई और शिनाख्त होने के कुछ घंटों बाद ही उसकी हत्या की पूरी कहानी खुल गई। महिला की हत्या उसके ही शादीशुदा प्रेमी ने परिवार के साथ मिलकर गला दबाकर की थी और फिर अपने भाई के साथ मिलकर लाश को ठिकाने लगाया था।
पानी की टंकी में बक्से में मिली महिला के शव के हाथ पर एक टैटू बना हुआ था। इसी टैटू के जरिए महिला की शिनाख्त महाराष्ट्र के गोंदिया की रहने वाली 22 साल की मिसबाह उर्फ सिया के रूप में हुई। पुलिस ने जांच तेज की तो पता चला कि सिया की एक साल पहले भोपाल में रहने वाले समीर से दोस्ती हुई थी और फिर दोनों के बीच चैटिंग हुई और प्यार हो गया। अक्टूबर 2025 में सिया भोपाल आ गई और प्रेमी समीर के साथ उसके कमल नगर स्थित घर में रह रही थी।
पुलिस के मुताबिक सिया का प्रेमी समीर पहले से शादीशुदा है और उसके दो बच्चे भी हैं। सिया समीर पर शादी करने का दबाव बना रही थी और समीर की पत्नी से भी विवाद करती थी जिसके कारण वो अपने मायके जबलपुर चली गई थी। 7-8 फरवरी की दरम्यानी रात भी सिया और समीर में झगड़ा हुआ था इसी दौरान समीर ने गुस्से में आकर सिया का गला दबाकर हत्या कर दी थी। सिया को जान से मारने के बाद समीर ने अपने भाई, मां व बहन को पूरी घटना बताई। आरोपियों ने एक दिन सिया के शव को लोहे के बक्से में बंद कर घर में रखा और फिर अगले दिन रात में बक्से में बंद शव को पानी की टंकी में ले जाकर फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी प्रेमी समीर उसके भाई, बहन व मां को गिरफ्तार कर लिया है। समीर के परिजन ने पुलिस को बताया है कि सिया समीर पर शादी के लिए दबाव बना रही थी और शादी नहीं करने की हालत में 5 लाख रुपये मांग रही थी। वो धमकी देती थी कि शादी करो या पैसे दो वरना जेल भिजवा दूंगी।
Published on:
13 Feb 2026 07:34 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
