भोपाल। रमजान में रोजे के साथ तिलावत का दौर जारी है। तीन सौ स्थानों पर तरावीह की नमाज अदा कराई जा रही है। इनमें से बुधवार को तर्जुमे वाली मस्जिद में कुरान मुकम्मल हुआ। शहर में यह सबसे पहला है। इसके बाद अब सात दिन की तरावीह पूरी होने की बारी है।
रमजान की विशेष नमाज तरावीह का सिलसिला जारी है। मस्जिदों में बड़ी संख्या में लोग कुरान सुनने पहुंच रहे हैं। शहर के साथ आसपास के जिलों से भी हाफिज आए हैं जो कुरान का पाठ कर रहे हैं। मोती मस्जिद के पास तर्जुमे वाली मस्जिद में पांच दिन की तरावीह का आयोजन हुआ। बुधवार को यहां कुरान मुकम्मल हुआ। मौलाना अब्दुल अजीज जामई ने यहां नमाज अदा कराई। बड़ी संख्या में यहां लोग पहुंचे थे। देर रात सामूहिक दुआ हुई।
तर्जुमे वाली मस्जिद से जुड़े सुलेमान शेख ने बताया कि गुरुवार से तरावीह की नमाज में यहां फिर से कुरान शुरू हो जाएगा। मुफ्ती रशीउद्दीन कासमी शेख अल हदीस मदरसा जामिया अरबिया यहां नमाज अदा कराएंगे।
शहर काजी मुश्ताक अली नदवी की अपील का असर नजर आ रहा। 21 और 27 दिनों की तरावीह की संख्या इस बार पिछले साल के मुकाबले ज्यादा है। अपील में शहर काजी ने कहा कि अगर मुमकिन हो तो पूरे माह तरावीह में कुरान सुना जाए। समझा जाए और उस पर अमल किया जाए।
Published on:
05 Mar 2025 11:20 pm