भोपाल, May 31, 2025

ईद उल अजहा 7 जून को, ईदगाह सहित पांच मस्जिदों का शेड्यूल जारी
भोपाल। ईद उल अजहा का त्योहार 7 जून को मनाया जाएगा। ईदगाह में सुबह 6.30 बजे ईद की नमाज अदा कराई जाएगी। इस बार नमाज पिछले साल के मुकाबले आधे घंटे पहले होगी। मसाजिद कमेटी ने टाइम जारी कर दिया है।
मसाजिद कमेटी से जारी समय के मुताबिक ताजुल मसाजिद में ईद की नमाज सुबह 6.45 बजे होगी। जामा मस्जिद में नमाज 7.00 बजे, मोती मस्जिद में 7.15 और मस्जिद बिल्किस जहां में 7.30 बजे अदा कराई जाएगी।
पिछले साल ईदगाह में नमाज का समय 7 बजे था
ईदगाह में ईद की नमाज का समय पिछले साल 7 बजे था। इसी के आधार पर दूसरी मस्जिदों में टाइम निर्धारित हुआ। इस बार यह आधे घंटे पहले हैं। ऐसे में शहर की सभी मस्जिदों के समय पर असर होगा। नमाज के बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा। इसे देखते हुए समय इस बार कम हुआ है।
सकलैनी जामा मस्जिद में दो बार नमाज
अशोका गार्डन िस्थत सकलैनी जामा मस्जिद में ईद की नमाज दो बार होगी। पहली बार सुबह 7.15 बजे नमाज अदा कराई जाएगी। दूसरी बार 8.15 पर ईद की नमाज होगी। सकलैनी जामा मस्जिद के सदर हजरत सूफी नूर उद्दीन सकलैनी ने बताया भीड़ की समस्या से निपटने यह व्यवस्था है। ऐसे इंतजाम पिछले कई सालों से किए जा रहे हैं।
बोहरा समाज की ईद 6 जून को
बोहरा समाज 6 जून को ईद उल अजहा का पर्व मनाएगा। समाज की सभी मस्जिदों में नमाज होगी। इसके बाद कुर्बानी का सिलसिला शुरू होगा।
Published on: 31 May 2025 11:22 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।