भोपाल, May 27, 2026

Bhopal IPS Officer Daughter Commits Suicide (source: patrika)
IPS Officer Daughter Commits Suicide: भोपाल के पॉश इलाके चार इमली में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां एक आइपीएस अधिकारी की 17 वर्षीय बेटी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह 11वीं कक्षा की छात्रा थी और परिवार के साथ रहती थी। जानकारी के अनुसार, छात्रा ने मंगलवार दोपहर के समय घर के भीतर यह कदम उठाया। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने पुलिस को बुलाया।
हबीबगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस छात्रा के मोबाइल फोन और उसके संपर्कों की जांच कर रही है। हबीबगंज थाना प्रभारी संजीव चौकसे के अनुसार, मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस को मौके से एक पन्ने का सुसाइड नोट मिला हैं। सुसाइड नोट में मम्मी पापा से बहुत प्यार करती हूं...लेकिन मैं अच्छी बेटी नहीं बन पाई। फिलहाल पुलिस की टीम मोबाइल डिटेल में खंगालने में जुटी हुई है। पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।
एसीपी उमेश तिवारी ने बताया, "एसएचओ को कल सूचना मिली कि जब आईपीएस अधिकारी दोपहर के भोजन के लिए घर लौटे, तो उन्होंने अपनी बेटी को कमरे में फांसी पर लटका हुआ पाया। मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। एफएसएल को मौके पर बुलाया गया। उसके बिस्तर के पास से एक सुसाइड नोट भी मिला है। सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। सुसाइड नोट में उसने अपने माता-पिता के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त की थीं... कल उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था और आज उसे परिवार को सौंप दिया गया है। आगे की जांच जारी है।"
आईपीएस संजीव कुमार कंचन भोपाल PHQ में AIG के पद पर तैनात हैं। वे अपने परिवार के साथ भोपाल के चार इमली स्थित सरकारी बंगले में रहते हैं। जानकारी के अनुसार संजीव कुमार का एक बेटा भी है। इस घटना का पता तब चला जब संजीव कंचन दोपहर में खाना खाने घर पहुंचे। दोपहर लगभग 2 से 3 बजे के बीच संजीव कंचन घर पहुंचे। उन्होंने बेटी को आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जब कमरे में जाकर देखा तो वह फंदे पर लटकी मिली।
Updated on: 27 May 2026 03:38 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।