6 अगस्त 2025,

बुधवार

Patrika LogoSwitch to English
मेरी खबर

मेरी खबर

शॉर्ट्स

शॉर्ट्स

ई-पेपर

ई-पेपर

मानसून की मेहरबानी, बांधों में ‘खुशियों का पानी’

दूदू विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों की लाइफलाइन छापरवाड़ा बांध में पानी की आवक शुरू हो गई है। इस बार भी बांध छलकेगा तो उन्हें सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिल पाएगा।

बस्सी

Vinod Sharma

Jul 08, 2025

Chhaparwada dam
किसानों की लाइफलाइन छापरवाड़ा बांध

दूदू विधानसभा क्षेत्र के हजारों किसानों की लाइफलाइन छापरवाड़ा बांध में पानी की आवक शुरू हो गई है। मानसून मेहरबान होने के साथ ही आसपास के इलाकों के अन्य छोटे बांध भी आधे भर चुके हैं। जिससे किसानों के चेहरों पर मुस्कान खिल गई है। हालांकि सिंचाई विभाग का छापरवाड़ा बांध पिछली साल मानसून में छलका था और एक फीट चादर भी चली जिससे सिंचाई के बाद भी 4 फीट पानी स्टोरेज रहा। बांध में दो फीट पानी की आवक हुई है। किसानों को आस है कि इस बार भी बांध छलकेगा तो उन्हें सिंचाई के लिए भरपूर पानी मिल पाएगा। दूदू क्षेत्र के सबसे बड़े 17 फीट भराव वाले छापरवाड़ा बांध में 29 साल बाद पिछले वर्ष लबालब होने के बाद एक फीट चादर चली थी। इस बार मानसून के शुरुआत दौर में बांध में पानी की आवक के साथ ही रविवार शाम तक बांध का जलस्तर बढ़कर ६ फीट पहुंच गया है।

1894 में कराया गया था छापरवाड़ा बांध का निर्माण
जल संसाधन विभाग के अनुसार राजा मानसिंह प्रथम के शासनकाल में वर्ष 1894 में 7.30 लाख रुपए की लागत से छापरवाड़ा बांध का निर्माण कराया था। बांध का भराव 17 फीट और कैचमेंट 322 स्क्वायर माइल है। बांध की लबाई 14,200 फीट होने के साथ ही इसमें जलभराव की क्षमता 1236 मिलियन क्यूबिक लाख घन फीट है। बांध का अधिकतम सिंचित क्षेत्र 47,468 एकड़ है लेकिन बांध भरने पर 29,000 एकड़ भूमि की सिंचाई हो सकती है। बांध से दूदू, फागी व टोंक जिले की मालपुरा तहसील के गांवों के किसानों को पानी मिलता है। पानी पहुंचाने के लिए नहरों का निर्माण कराया गया।

इन बांधों में भी बढ़ा गेज
बांध : क्षमता : भराव
हनुमान सागर गागरडू : 09 फीट : 04 फीट
धोबोलाव बांध नरैना : 12 फीट : 6.9 फीट
बांडोलाव बांध नरैना : 07 फीट : 01.8 फीट
नया सागर मौजामाबाद : 13 फीट : 06.8 फीट
हिंगोनिया बांध : 15 फीट : 03 फीट
पीपला बांध : 12 फीट : 04.10 फीट
कालख बांध : 26 फीट : 00 फीट

साल दर साल छापरवाड़ा का हाल
वर्ष आवक
2017 : शून्य
2018 : 2.11 फीट
2019 : 10.4 फीट
2020 : 5.9 फीट
2021 : 10.11 फीट
2022 : 12.6 फीट
2023 : 4.0 फीट
2024 : 17 फीट

दूदू में कितनी बारिश
2017 : 326 एमएम
2018 : 605 एमएम
2019 : 611 एमएम
2020 : 429 एमएम
2021 : 733 एमएम
2022 : 670 एमएम
2023 : 731 एमएम
2024 : 671 एमएम

ईआसीपी योजना बनेगी वरदान
ईआरसीपी परियोजना में छापरवाड़ा बांध शामिल है। योजना के तहत बांध-नहर के साथ ही इसके 11741 हैक्टेयर क्षेत्र का कायाकल्प होगा। वहीं ईआरसीपी में ही कालख सागर बांध को शामिल किए जाने से 10961 हैक्टेयर क्षेत्र का कायाकल्प होगा।