1 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बाड़मेर: कांस्टेबल ने टांके में कूदकर दी जान, 18 दिन पहले ही हुआ था भर्ती, सुसाइड नोट बरामद

बाड़मेर शहर के पुलिस लाइन परिसर में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। राजस्थान पुलिस के एक युवा कांस्टेबल ने परिसर में बने टांके (जलाशय) में कूदकर आत्महत्या कर ली।

2 min read
Google source verification

फोटो पत्रिका

बाड़मेर। शहर के पुलिस लाइन परिसर में रविवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पुलिस महकमे को झकझोर कर रख दिया। राजस्थान पुलिस के एक युवा कांस्टेबल ने परिसर में बने टांके (जलाशय) में कूदकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब सुबह रोल कॉल के दौरान वह अनुपस्थित मिला और तलाश के बाद उसका शव पानी में तैरता हुआ पाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया।

वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनाक्रम की बारीकी से जानकारी जुटाई। मृतक के पास से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें उसने खुद के मानसिक रूप से परेशान होने का उल्लेख किया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी है।

पुलिस के अनुसार अमृता देवी बटालियन का 24 वर्षीय सिपाही विजय कुमार पुत्र धनाराम निवासी खड़ीन, इन दिनों पुलिस लाइन में प्रथम चरण की ट्रेनिंग ले रहा था। रविवार सुबह करीब 7.30 बजे रोल कॉल के दौरान उसकी अनुपस्थिति दर्ज हुई। साथियों ने पहले बैरक और आसपास तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। जब पुलिस लाइन परिसर में बने टांके के पास खोजबीन की गई तो पानी में उसका शव दिखाई दिया।

यह दृश्य देखते ही साथियों के होश उड़ गए। तुरंत अधिकारियों को सूचना दी गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एएसपी नितेश आर्य, डिप्टी रमेश शर्मा और कोतवाल मनोज कुमार मय टीम मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और टांके के आसपास की स्थिति का परीक्षण किया। गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया और जिला अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है, ताकि आत्महत्या के पीछे के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सके।

18 दिन पहले ही किया था जॉइन

जानकारी के अनुसार विजय कुमार ने हाल ही में अमृता देवी बटालियन में भर्ती ली थी। उसने 11 फरवरी को जॉइन किया था और प्रथम चरण की ट्रेनिंग में शामिल था। महज 18 दिन पहले वर्दी पहनने का सपना पूरा करने वाला यह युवक इतनी जल्दी जिंदगी से हार मान लेगा, यह किसी ने सोचा भी नहीं था।

सुसाइड नोट बरामद

पुलिस को मृतक के कब्जे से एक सुसाइड नोट और कुछ अन्य सामग्री मिली है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा था। सुसाइड नोट में उसने लिखा है कि मैं खुद परेशान हूं। जीवन से तंग आ चुका हूं। मेरे माता-पिता को परेशान न किया जाए।

एक दिन पहले मिलकर गए थे पिता

परिजनों के अनुसार विजय बीमार था और उसका उपचार चल रहा था। शनिवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच उसके पिता उससे मिलने पुलिस लाइन आए थे। उस समय वह सामान्य व्यवहार कर रहा था। पिता के गांव लौटने के बाद उसने खाना खाया और मोबाइल पर गेम खेलता रहा। पुलिस का अनुमान है कि देर रात किसी समय उसने टांके में कूदकर आत्महत्या कर ली।