
बरेली। शहर के संजय नगर इलाके में नगर निगम की बेशकीमती जमीन पर वर्षों से अवैध कब्जों का मामला अब खुलकर सामने आया है। निगम की अनदेखी के चलते यहां कई दुकानें, मकान और शोरूम खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोग और पार्षद लंबे समय से इस मुद्दे पर चिंता जता रहे थे, वहीं अब निगम प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में नगर निगम बोर्ड की बैठक में संजय नगर क्षेत्र और अन्य जगहों पर निगम की भूमि को कब्जामुक्त कराने का प्रस्ताव पेश किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जल्द ही इन अवैध कब्जों को हटाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।
सूत्रों का कहना है कि संपत्ति विभाग की अनदेखी या मिलीभगत के कारण ही निगम की जमीन पर यह अवैध निर्माण संभव हो पाया। संजय नगर रोड स्थित एक धार्मिक स्थल के पास नगर निगम की जमीन पर मार्केट, शोरूम और दुकानों का जाल बिछा हुआ है। इस पूरे मामले की जांच की मांग पार्षदों ने नगर प्रशासन से की है।
नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पूरी स्थिति की रिपोर्ट तैयार करें और जल्द से जल्द कब्जा हटाने की कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करें। स्थानीय लोगों की मानें तो आने वाले दिनों में निगम का बुलडोजर इन अवैध निर्माणों पर चल सकता है और निगम की जमीन फिर से खाली कराई जा सकती है।
इस मामले ने नगर निगम के कामकाज पर सवाल भी खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो निगम की यह बेशकीमती जमीन अवैध कब्जों में फंसती ही नहीं। अब सबकी नजर निगम प्रशासन की तेजी और फैसले पर टिकी है।
संबंधित विषय:
Published on:
29 Oct 2025 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग

