
बरेली। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह अपनी पत्नी रूबी सिंह के साथ शहर के प्रमुख शिवालयों में पहुंचे। अलखनाथ और त्रिवटीनाथ मंदिर में बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर उन्होंने देश, प्रदेश और जनपद की उन्नति व शांति की कामना की। मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजता रहा और श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं।
पूजा-अर्चना के बाद डीएम ने मंदिर परिसर का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि पर्व पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए हर स्तर पर तैयारी पुख्ता रहनी चाहिए। महाशिवरात्रि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट दिखाई दिया। डीएम ने सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने, संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने और बैरिकेडिंग व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
शहर में निकलने वाली शिव बारातों और शोभायात्राओं को लेकर भी प्रशासन ने सख्ती दिखाई। डीएम ने पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त रखने, शोभायात्रा मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाने और यातायात प्रबंधन सुचारु रखने पर जोर दिया, ताकि श्रद्धालुओं को जाम या अव्यवस्था का सामना न करना पड़े। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। महाशिवरात्रि पर पूरे दिन मंदिरों में श्रद्धा और उत्साह का माहौल बना रहा और प्रशासनिक सतर्कता के बीच पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होता नजर आया।
Updated on:
15 Feb 2026 05:09 pm
Published on:
15 Feb 2026 04:49 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
