बरेली, May 30, 2026

आरोपियों के फोटो
जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के अभियान के तहत पुलिस ने एक साथ 18 नई हिस्ट्रीशीट खोलकर अपराध जगत में हलचल मचा दी है। इस कार्रवाई में सबसे ज्यादा चर्चा उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री के रिश्तेदार बताए जाने वाले सौरभ राठौर और हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी हत्याकांड के आरोपी नैतिक सोनकर की रही। दोनों आरोपियों को अब पुलिस की विशेष निगरानी में रखा जाएगा।
बारादरी थाना पुलिस ने जोगी नवादा चावल मंडी में हुए फायरिंग और बलवा प्रकरण के आरोपी सौरभ राठौर की हिस्ट्रीशीट खोल दी है। सौरभ का नाम लंबे समय से उत्तराखंड की एक कैबिनेट मंत्री के परिवार से जुड़ता रहा है। हाल के दिनों में यह मामला राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा का विषय बना रहा था। हिस्ट्रीशीट खुलने के बाद अब उसकी गतिविधियों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी।
हनुमान दल के जिला उपाध्यक्ष गौरव गोस्वामी हत्याकांड में नामजद आरोपी नैतिक सोनकर पर भी पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। नैतिक की हिस्ट्रीशीट खोलकर उसकी नियमित निगरानी शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि संगीन अपराधों में शामिल आरोपियों पर लगातार निगरानी से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी।
बारादरी पुलिस ने छिनैती, लूट, धोखाधड़ी, हत्या, चोरी, नकबजनी और मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े कई आरोपियों की हिस्ट्रीशीट खोली है। इनमें उत्तम पटेल, रामबाबू, मुजीब अहमद, अरशद, अंशु पटेल, आरिश, आकाश ठाकुर और अफजाल हुसैन उर्फ मुल्ला शामिल हैं। मीरगंज पुलिस ने पशु तस्करी के आरोपियों अफजाल, अरशीन कुरैशी, निजाम और शहीद उर्फ भूरा को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया है। वहीं शाही पुलिस ने लूट और मादक पदार्थ तस्करी के आरोपी लालता प्रसाद तथा शीशगढ़ पुलिस ने गोकशी के आरोपी काले की हिस्ट्रीशीट खोली है।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण के लिए लगातार हिस्ट्रीशीट खोली जा रही हैं। हाल ही में 18 नए अपराधियों को हिस्ट्रीशीटर घोषित किया गया है। संबंधित थाना पुलिस को इनकी गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने और किसी भी आपराधिक गतिविधि की स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
Published on: 30 May 2026 01:30 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।