
बरेली। बहेड़ी थाने में तैनात होमगार्ड नेत्रपाल गंगवार की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जानकारी के अनुसार नेत्रपाल गंगवार ड्यूटी खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। नारायण नगला के पास लोगों ने उन्हें बाइक समेत सड़क किनारे पड़ा देखा।
सूचना मिलते ही परिजन आनन-फानन उन्हें निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने उनकी गंभीर हालत बताते हुए सरकारी अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन सरकारी अस्पताल पहुँचने पर नेत्रपाल गंगवार को मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
नेत्रपाल गंगवार मूल रूप से ग्राम खमरिया, थाना शीशगढ़ के निवासी थे। वह लंबे समय से बहेड़ी थाने में होमगार्ड के पद पर तैनात थे और अपने मिलनसार व्यवहार के लिए जाने जाते थे। परिवार में उनकी दो बेटियां और एक बेटा लक्की (लगभग 15 वर्ष) है। अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई राम खिलावन ने आशंका जताई कि नेत्रपाल गंगवार की मौत हार्ट अटैक से हुई हो सकती है। हालांकि इस बात की पुष्टि अभी नहीं हो पाई है।
कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। उन्होंने बताया कि नेत्रपाल गंगवार शुक्रवार को शाम करीब चार बजे तक ड्यूटी पर थे। घटना की सूचना मिलते ही बहेड़ी थाने के पुलिसकर्मियों और होमगार्डों में शोक की लहर दौड़ गई।
संबंधित विषय:
Updated on:
31 Jan 2026 03:19 pm
Published on:
31 Jan 2026 03:18 pm

बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
