6 मार्च 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

पहले बनाए अवैध संबंध, फिर विधवा से रचाई शादी… छह महीने बाद पहली पत्नी ने खोला राज, थाने पहुंचा मामला

आंवला थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने और बाद में युवक के पहले से शादीशुदा होने का मामला सामने आया है।

2 min read
Google source verification

बरेली। आंवला थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर महिला से संबंध बनाने और बाद में युवक के पहले से शादीशुदा होने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति, देवर, पहली पत्नी और उसकी बेटी पर मारपीट, धोखाधड़ी और जान से मारने की कोशिश का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रिश्तेदारी के जरिए भेजा गया था शादी का प्रस्ताव

पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2020 में उसके पहले पति ने उसे और उसकी बेटी को घर से निकाल दिया था और दूसरी शादी कर ली थी। इसके बाद वह अपनी बेटी के साथ आंवला क्षेत्र में रहने लगी। करीब ढाई साल पहले ग्राम बझेड़ा निवासी एक युवक ने रिश्तेदारी के माध्यम से शादी का प्रस्ताव भेजा और खुद को अविवाहित बताया। उसने भरोसा दिलाया कि वह महिला और उसकी बेटी दोनों का पालन-पोषण करेगा। परिवार ने भरोसा कर शादी तय कर दी। आरोप है कि इसी दौरान युवक ने महिला को ब्लैकमेल कर उससे संबंध बनाए और 29 जनवरी 2024 को शादी कर उसे अपने घर ले आया।

छह महीने बाद खुला पति की पहली शादी का राज

पीड़िता के मुताबिक शादी के करीब छह महीने बाद एक महिला उसके घर पहुंची और खुद को युवक की पहली पत्नी बताया। यह सुनकर पीड़िता को गहरा धक्का लगा। बताया जाता है कि पहली पत्नी ने घर पहुंचकर हंगामा किया और पीड़िता के साथ मारपीट व अभद्रता की। इसके बाद युवक अपनी पहली पत्नी के साथ कहीं चला गया और पीड़िता घर में अकेली रहने लगी। पीड़िता का आरोप है कि पति के जाने के बाद उसका देवर उस पर दबाव बनाने लगा कि उसका भाई उसे नहीं रखेगा, इसलिए वह उसके साथ पत्नी की तरह रहे। विरोध करने पर देवर ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं और दुष्कर्म का प्रयास किया।

जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप

महिला का कहना है कि 17 जुलाई 2025 को देवर ने अपने भाई, उसकी पत्नी और बेटी को घर बुला लिया। अगले दिन चारों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसे जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़िता के अनुसार किसी तरह उसके ससुर ने बीच-बचाव कर उसे बचाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद वह अपने भाई के साथ थाने पहुंची और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने महिला की तहरीर के आधार पर पति, देवर, पहली पत्नी और उसकी बेटी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग