12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अमेरिका ट्रेड डील के खिलाफ गरजे किसान, कलक्ट्रेट पर हंगामा, कार चालक को दौड़ाया, फिर हुआ ये…

अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) से जुड़े किसानों ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट के सामने स्थित चौराहे पर जुटे किसानों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया।

2 min read
Google source verification

बरेली। अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड डील के विरोध में बृहस्पतिवार को भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) से जुड़े किसानों ने शहर में जोरदार प्रदर्शन किया। कलक्ट्रेट के सामने स्थित चौराहे पर जुटे किसानों ने नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। इस दौरान एक कार चालक को दौड़ाने का भी मामला सामने आया। करीब 20 मिनट तक चली तनातनी के बाद सिटी मजिस्ट्रेट राजेश कुमार वर्मा ने मौके पर पहुंचकर किसानों से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया।

गन्ना कार्यालय से निकला जुलूस, कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन

किसान यूनियन के प्रदेश, जिला और तहसील स्तरीय पदाधिकारी व समर्थक पूर्वाह्न करीब 11 बजे जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय परिसर में एकत्रित हुए। यहां से किसान पैदल मार्च करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। रास्ते भर किसानों ने अमेरिका-भारत व्यापार समझौते के खिलाफ नारे लगाए। कलक्ट्रेट पहुंचकर किसानों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। यूनियन के प्रदेश महासचिव शिशुपाल सिंह और जिला महासचिव सत्येंद्र सिंह ने कहा कि प्रस्तावित ट्रेड डील किसान विरोधी है और इसे तत्काल रद्द किया जाना चाहिए।

डेयरी सेक्टर पर खतरे का आरोप

भाकियू पदाधिकारियों ने कहा कि अमेरिका के साथ होने वाली यह ट्रेड डील सीधे तौर पर भारतीय किसानों और खासकर डेयरी सेक्टर के हितों पर प्रहार है। आंवला तहसील अध्यक्ष महाराज सिंह यादव, सलीम मलिक, हाजी इकबाल अहमद और सुधीर बालियान ने सवाल उठाया कि इस समझौते से पहले किसानों की सहमति क्यों नहीं ली गई। प्रदेश सचिव जगत पाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष पंकज शर्मा, यामीन मलिक और फरीदपुर तहसील अध्यक्ष सुनील यादव ने आरोप लगाया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से विदेशी डेयरी उत्पादों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय दुग्ध उत्पादकों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा।

कार चालक से झड़प, पुलिस ने बचाया

प्रदर्शन के दौरान किसानों ने आरोप लगाया कि एक कार चालक ने उनके एक साथी को टक्कर मार दी, जिससे वह घायल हो गया। हालांकि, प्रदर्शनकारी घायल किसान का नाम स्पष्ट नहीं बता सके। आरोप है कि चालक कार को दूर खड़ा कर पैदल निकल रहा था, तभी कुछ प्रदर्शनकारियों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया और मारपीट की कोशिश की। मौके पर मौजूद एसआई शिव सिंह चाहर ने हस्तक्षेप कर चालक को भीड़ से छुड़ाया और कोतवाली भेज दिया। कार पर उत्तर प्रदेश सरकार लिखा था और उसमें एक पुलिसकर्मी भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि कार किशोर सुधार गृह से जुड़े एक अधिकारी की निजी गाड़ी थी, हालांकि घटना के समय अधिकारी उसमें सवार नहीं थे।

प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की

करीब 20 मिनट तक चले हंगामे के बाद स्थिति सामान्य हुई। सिटी मजिस्ट्रेट ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनका ज्ञापन संबंधित स्तर तक पहुंचा दिया जाएगा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात रखा। किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि ट्रेड डील पर पुनर्विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।