
बरेली। कभी-कभी सफ़र सिर्फ़ मंज़िल तक नहीं, दिल तक भी पहुँच जाता है। बरेली के सचिन और फिलिपींस की झे मेरी की कहानी कुछ ऐसी ही है। विदेशी क्रूज पर ड्यूटी के दौरान हुई यह मुलाकात पहले दोस्ती बनी और अब ज़िंदगी के रिश्ते में बदलने जा रही है। दोनों ने स्पेशल मैरिज एक्ट के तहत शादी के लिए एसडीएम कोर्ट में आवेदन किया है।
बरेली में एमिल्ट्स कॉलोनी निवासी सचिन ने बेंगलुरु से होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई की और इसके बाद एक विदेशी क्रूज पर नौकरी शुरू की। अमेरिका से यूरोप तक चलने वाले इसी क्रूज पर अप्रैल 2023 में उनकी मुलाकात फिलिपींस की झे मेरी सालाजार लोज़ानो से हुई। झे मेरी क्रूज पर एडमिनिस्ट्रेटर हैं। काम के दौरान हुई बातचीत धीरे-धीरे अपनापन बनी और समय के साथ यह रिश्ता गहराता चला गया।
सचिन का परिवार मूल रूप से बहेड़ी के गांव पचपेड़ा का रहने वाला है। पिता पूर्ण लाल इंडियन नेवी से सेवानिवृत्त हैं, जबकि माता गंगा देवी गृहिणी हैं। परिवार का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद धूमधाम से रिसेप्शन किया जाएगा। वे इस रिश्ते को दो संस्कृतियों के सुंदर और सम्मानजनक मिलन के तौर पर देख रहे हैं।
झे मेरी को भारतीय संस्कृति भाती है। बरेली आने पर उन्हें पराठे और मिठाइयाँ खास पसंद आईं। उन्होंने आसपास के इलाकों के साथ नानकमत्ता और आगरा की भी सैर की। इन दिनों वे हिंदी सीख रही हैं, ताकि परिवार और आसपास के लोगों से बेहतर जुड़ सकें। पिछले वर्ष झे मेरी के बरेली आने पर दोनों परिवारों के बीच अच्छी बॉन्डिंग हो गई थी। अब विवाह के लिए अधिवक्ता निशीथ मिश्रा के माध्यम से एसडीएम सदर कोर्ट में आवेदन किया गया है। कोर्ट ने झे मेरी के सत्यापन के लिए एंबेसी को पत्र भेजा है, जबकि सचिन के पासपोर्ट का मुंबई से सत्यापन कराया जा रहा है।
Updated on:
04 Feb 2026 12:26 pm
Published on:
04 Feb 2026 12:25 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
