
बरेली। अवैध सट्टे के धंधे में लंबे समय से पुलिस के लिए सिरदर्द बने शातिर सट्टा माफिया जगमोहन उर्फ तन्नू पर आखिरकार कानून का शिकंजा कस गया। बारादरी पुलिस ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह के आदेश पर सट्टा किंग को छह माह के लिए जिले से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला गंगापुर निवासी 28 वर्षीय जगमोहन उर्फ तन्नू पूरे जिले में सट्टे के अवैध कारोबार का बड़ा नाम था। उस पर दर्जन भर से ज्यादा मुकदमे दर्ज हैं और लोग उसे बेखौफ सट्टेबाज के रूप में जानते थे। पुलिस की रिपोर्ट के बाद जिला प्रशासन ने उसे गुंडा प्रवृत्ति का अपराधी मानते हुए जिला बदर करने का फैसला लिया।
शनिवार को थाना बारादरी पुलिस ने फिल्मी अंदाज में कार्रवाई करते हुए सट्टा किंग को ढोल-नगाड़ों के साथ बरेली-पीलीभीत बॉर्डर तक छोड़ा। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से इलाके में साफ संदेश गया कि अब अपराधियों की खैर नहीं। पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी तृतीय पंकज श्रीवास्तव के निर्देशन में हुई, जिसमें वे स्वयं मौके पर मौजूद रहे। इस दौरान प्रभारी निरीक्षक नवाबगंज भी अपनी टीम के साथ मौजूद रहे।
पुलिस ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जिला बदर अवधि के दौरान जगमोहन उर्फ तन्नू ने बरेली की सीमा में कदम रखा तो उसे तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जाता है कि जगमोहन उर्फ तन्नू के खिलाफ थाना बारादरी और कोतवाली में कुल 11 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उस पर गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई भी हो चुकी है, इसके बावजूद वह खुलेआम सट्टे का धंधा चला रहा था। अब पुलिस की इस कार्रवाई से सट्टेबाजों में हड़कंप मच गया है।
संबंधित विषय:
Published on:
24 Jan 2026 07:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
