31 मई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बरेली, May 31, 2026

बरेली क्राइम: कैंसर के इलाज को दिल्ली गया था परिवार, चोरों ने घर का दरवाजा तोड़कर लूट लिया ₹45 लाख का सामान

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में रविवार को चोरों ने दिनहाड़े एक व्यापारी के घर में लूटपाट की। लूटपाट के दौरान व्यापारी का परिवार बाहर गया था। इसी दौरान चोरों ने लाखों का माल साफ कर दिया।

Theft in businessman house

दिनदहाड़े व्यापारी के घर में चोरी (फोटो-पत्रिका)

बरेली के इज्जतनगर थाना क्षेत्र में रविवार को दिनदहाड़े लूटपाट हुई। यहां वैष्णो कुंज कॉलोनी निवासी व्यापारी प्रदीप कुमार सक्सेना अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाकर लूटपाट की है। प्रदीप की पत्नी को कैंसर की बीमारी है। उनके घर में हुई चोरी की घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में आ गया।

घर से करीब ₹45 लाख की चोरी

व्यापारी प्रदीप कुमार सक्सेना अपनी पत्नी का इलाज कराने के लिए दिल्ली गए थे। इसी दौरान रविवार को बदमाशों ने उनके बंद पड़े मकान का पिछला दरवाजा तोड़कर करीब 45 लाख रुपए के जेवरात और नकदी लूट ली। प्रदीप कुमार सक्सेना रविवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे अपनी पत्नी मधु सक्सेना को कैंसर के इलाज के लिए दिल्ली लेकर गए थे।

परिवार का पूरा ध्यान इलाज और अस्पताल की भागदौड़ पर था। व्यापारी का बड़ा बेटा अमन सेठ उन्हें सेटेलाइट बस अड्डे तक छोड़ने गया था। इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बना लिया। दोपहर करीब 2 बजे जब अमन सेठ घर वापस लौटा तो मकान का पिछला दरवाजा टूटा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। घर के अंदर का नजारा और भी चौंकाने वाला था। कमरों की अलमारियां खुली पड़ी थीं, सामान बिखरा हुआ था और जेवरात के खाली डिब्बे फर्श पर पड़े थे। चोर घर की सेफ और अलमारियों में रखे कीमती आभूषण व नकदी समेटकर फरार हो चुके थे।

चार घंटे में साफ कर दिया लाखों का खजाना

परिवार के अनुसार चोर करीब 45 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी लेकर फरार हुए हैं। जिस समय परिवार इलाज के लिए घर से बाहर था, उसी दौरान बदमाशों ने पूरी वारदात को अंजाम दिया। इससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि चोरों को परिवार की गतिविधियों की पहले से जानकारी थी। परिवार पहले से ही मधु सक्सेना के कैंसर उपचार को लेकर मानसिक और आर्थिक दबाव में था। ऐसे समय में लाखों की चोरी ने उनकी मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी हैं। अमन सेठ असम के नवोदय विद्यालय में फिजिकल एजुकेशन शिक्षक हैं और इन दिनों छुट्टी पर घर आए हुए थे, जबकि छोटे बेटे अखंड सक्सेना ग्रेटर नोएडा में इंजीनियर हैं।

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस, खुलासे का दावा

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112, इज्जतनगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि चोरों की पहचान के लिए कई बिंदुओं पर जांच चल रही है और जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक चोरी ने एक बार फिर शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें