9 फ़रवरी 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

किस्त का खूनी हिसाब, एडवोकेट के लॉ-स्टूडेंट भाई की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, क्षेत्र में दहशत

फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा बिलसंडी में सोमवार शाम किस्तों के लेनदेन के विवाद में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को सरेआम गोलियों से भून डाला। हमले में युवक का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया।

2 min read
Google source verification

बरेली। फरीदपुर थाना क्षेत्र के ग्राम नवादा बिलसंडी में सोमवार शाम किस्तों के लेनदेन के विवाद में बेखौफ बदमाशों ने एक युवक को सरेआम गोलियों से भून डाला। हमले में युवक का भाई भी गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान युवक की मौत से गांव में सनसनी फैल गई और पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान 21 वर्षीय योगेश यादव के रूप में हुई है, जो अधिवक्ता मनोज यादव का छोटा भाई था। योगेश स्वयं भी वकालत की पढ़ाई कर रहा था। ग्रामीणों के अनुसार योगेश यादव का कुछ लोगों से किस्तों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम आरोपियों ने मौका पाकर सरेराह फायरिंग कर दी। गोली लगते ही योगेश लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। बीच-बचाव करने आए उसके भाई धीरेंद्र को भी गंभीर चोटें आईं।

अस्पताल में मौत, परिवार में मचा कोहराम

घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में योगेश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने भरसक प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान युवक ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई, वहीं गांव में आक्रोश भड़क उठा। सूचना मिलते ही सीओ संदीप सिंह भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण किया गया और ग्रामीणों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए गए। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति नियंत्रण में रहे।

तहरीर का इंतजार, आरोपियों की तलाश तेज

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी जाएंगी। पुलिस का दावा है कि जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। मृतक के भाई के अधिवक्ता होने के चलते वकील समुदाय में भारी आक्रोश है। अधिवक्ताओं ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग न्याय की मांग को लेकर मुखर हो रहे हैं।

बड़ी खबरें

View All

बरेली

उत्तर प्रदेश

ट्रेंडिंग